New Park Shimla: शहरवासियों के लिए खुला कई सुविधा वाला ओकओवर पार्क, सीएम जयराम ने किया उद्घाटन
अमृत मिशन के तहत 2.40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पार्क में लोगों के व्यायाम के लिए जिम उपकरण भी लगाए गए हैं। पार्क में बच्चों के खेलने के लिए झूले और लोगों के बैठने के लिए कई बेंच लगे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के कोर एरिया में शहरवासियों को एक और बड़े पार्क की सुविधा मिल गई है। नगर निगम की ओर से बैनमोर वार्ड में बनाए ओकओवर पार्क का मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को उद्घाटन किया। कई सुविधाओं वाले इस पार्क को देखकर मुख्यमंत्री ने नगर निगम को शाबाशी भी दी। अमृत मिशन के तहत 2.40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पार्क में लोगों के व्यायाम के लिए जिम उपकरण भी लगाए गए हैं। पार्क में बच्चों के खेलने के लिए झूले और लोगों के बैठने के लिए कई बेंच लगे हैं। देवदार के हरे पेड़ों के बीच बने इस पार्क में एक फाउंटेन भी है। दीवारों पर शिमला से जुड़ी सुंदर पेंटिंग उकेरी गई है।
पार्क में पानी की कमी न रहे, इसके लिए 1.14 लाख लीटर पानी की क्षमता वाला रेन हार्वेस्टिंग टैंक बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय लोगों के अलावा सैलानियों के लिए भी यह पार्क आकर्षण का केंद्र रहेगा। मुख्यमंत्री ने दूसरे चरण का काम भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। पार्षद किमी सूद ने बताया कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत इस पार्क का अब दूसरे चरण का काम शुरू होगा। इस पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, नगर निगम महापौर सत्या कौंडल, उपमहापौर शैलेंद्र चौहान, डीसी आदित्य नेगी, आयुक्त आशीष कोहली और नगर निगम के अन्य पार्षद मौजूद रहे।
पार्क में यह सुविधाएं मिलेंगी
1. पार्क में सेल्फी प्वाइंट है, दीवारों की पेंटिंग आकर्षक है
2. यहां दो रेन शेल्टर भी हैं जिनमें बैठने की सुविधा मिलेगी
3. दिव्यांग लोगों की आवाजाही के लिए खास ट्रैक बना है
4. पार्क में लगे हैं दो गेट, 30 प्रजातियों के फूल