हिमाचल के सरकारी स्कूलों में बदलेगी यूनिफॉर्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सरकारी स्कूलों में कांवेंट स्कूलों की तर्ज पर ड्रेस कोड बदलने की घोषणा की है। शुक्रवार को शोघी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में अंडर 19 जोनल विद्यालय प्रतियोगिता का समापन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस पर विचार कर रही है।
यह छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल व्यक्तित्व निर्माण तथा युवाओं में अनुशासन एवं उत्तरदायित्व की भावना का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर छात्रों को पुरस्कृत भी किया।
उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि वे जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट बनें तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए सभी छात्रों का आह्वान किया कि वे भविष्य में सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करें।
कॉलेजों में मिलेगी हॉस्टल सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दूरदराज क्षेत्रों में स्थापित महाविद्यालयों में छात्रावास के निर्माण पर भी विचार कर रही है। राजीव गांधी डिजीटल योजना के अंतर्गत 10वीं तथा 12वीं कक्षा के मेधावी छात्रों को इस वित्त वर्ष में 7500 नेटबुक प्रदान कर रही है।
उधर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शोघी की प्रधानाचार्य शकुंतला पाठक ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रतियोगिता में 28 विद्यालयों के 500 छात्रों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 20 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने टूटू में दो विभिन्न चरणों में 5.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सब्जी मंडी की आधारशिला रखी। टूटू में निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। उन्होंने 20.15 लाख रुपये से निर्मित आयुर्वेदिक औषधालय भवन का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने की यह घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शोघी को पोर्टमोर विद्यालय की तर्ज पर आदर्श विद्यालय बनाने की घोषणा की। इसके अलावा शोघी के हनुमान मंदिर के समीप स्थित राजकीय माध्यमिक पाठशाला सेहल तथा राजकीय माध्यमिक पाठशाला मैहली को राजकीय उच्च विद्यालय के रूप में स्तरोन्नत करने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शोघी में नए विज्ञान खंड का निर्माण किया जाएगा। शोघी क्षेत्र के समीप सब्जी मंडी के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर शीघ्र ही सब्जी मंडी का लोकार्पण किया जाएगा।
उन्होंने उपायुक्त और विपणन बोर्ड के अध्यक्ष को शीघ्र उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने टूटू कस्बे के लिए मल निकासी योजना की घोषणा भी की।