मुकेश बोले, विकास बनाम विलाप की है लड़ाई, धूमल ने कहा-कांग्रेस ने बना दी ड्रगभूमि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के ऊना में शनिवार को दो बड़ी रैलियां हुईं। एक ओर सरकार के मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधा तो दूसरी और भाजपा नेता धूमल ने सरकार पर कई हमले किए। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में दो रैलियां हो रही हैं। घालूवाल में युवाओं की यह रैली इस बात को दर्शाती है कि हरोली का विकास अब एक जन आंदोलन बन चुका है।
हरोली का हर व्यक्ति विकास की इस लड़ाई में अपनी भागीदारी दर्ज करवाकर हरोली का मान बढ़ाना चाहता है। हरोली में ही आज वे लोग भी रैली कर रहे हैं, जिन्हें विकास और हरोली के बढ़ते कदम रास नहीं आ रहे हैं। कहा कि हरोली में लड़ाई अब विकास बनाम विलाप की है। जिन लोगों को हरोली का विकास रास नहीं आ रहा, वे विलाप कर रहे हैं और अपनी भड़ास निकाल रहे हैं।
पढ़ना न भूलें- भोरंज उपचुनाव में ये हैं भाजपा का दावेदार
मुकेश ने शनिवार को घालूवाल में हरोली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए युवाओं की रैली में वीरभद्र सरकार के मिशन रिपीट का शंखनाद किया। युवाओं ने उद्योग मंत्री को कंधे पर उठाकर मिशन रिपीट के नार लगाए। युवाओं की भारी भीड़ देख मुकेश ने हुंकार भरी कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों में उनके नामांकन पर हरोली विधानसभा क्षेत्र से 25 हजार लोग शामिल होकर एक नया इतिहास रचेंगे।
कहा कि यह रैली तो एक ट्रेलर है। आने वाले दिनों में हरोली विधानसभा क्षेत्र में और रैलियां करके जलवा दिखाया जाएगा। हरोली विधानसभा क्षेत्र का विकास भाजपा की आंखों में खटक रहा है। इस विकास की आंधी से परेशान भाजपाई विलाप कर रहे हैं। कुछ लोग तो हरोली को बदनाम कर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं।
कहा कि एक तरफ मुकेश अग्निहोत्री अकेले हैं, और दूसरी तरफ पूरे देश की भाजपा है, लेकिन हरोली की जनता की ताकत यह साबित करने के लिए काफी है कि विकास और जन कल्याण के मोर्चे पर हरोली की जनता चट्टान की तरह उनके साथ है। मंत्री ने कहा कि उनकी विकास, जनकल्याण और गरीब की सेवा की राजनीति है। भाजपा का एकमात्र एजेंडा हरोली को बदनाम करना रह गया है।
धूमल ने भी किया हमला, कहा हरोली से हो रही नशे की सप्लाई
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने कांग्रेस सरकार और उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर जमकर निशाना साधा। कहा कि हरोली मौजूदा दौर में नशे का गढ़ बन चुका है। यहां से पूरे प्रदेश, यहां तक कि बाहरी राज्यों को भी नशे की आपूर्ति हो रही है। पिछले दिनों चंडीगढ़ के एसएसपी ने भी एफिडेविट फाइल कर इस बात की तस्दीक की कि हिमाचल से पंजाब के लिए नशा सप्लाई हो रहा है।
धूमल शनिवार को हरोली में माफिया हटाओ, हिमाचल बचाओ अभियान की आठवीं रैली में बोल रहे थे। कहा कि यह आठवीं रैली कांग्रेस के लिए आठवां ग्रह साबित होगी। धूमल ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल को देवभूमि से ड्रग भूमि बना दिया है। भाजपा कार्यकाल में हिमाचल बेस्ट इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन अवार्ड से सम्मानित हुआ, वहीं कांग्रेस ने इसे सत्रहवें पायदान पर पहुंचा दिया है।
शर्मनाक है कि पड़ोसी राज्य भी कह रहे हैं कि हिमाचल से उनके राज्यों में नशे की खेप पहुंचाई जा रही है। भाजपा ने हिमाचल को नशा मुक्त करने का संकल्प लिया है। आवश्यकता हुई तो भाजपा सत्ता में आने पर हरोली में एक एनडीपीएस सेल खोलेगी। यह नशा माफिया पर नजर रखेगा। इस दौरान सांसद अनुराग ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, प्रो. राम कुमार, बलवीर चौधरी, सुशील कालिया, बलवीर बग्गा, बलराम बबलू लखवीर लक्खी और रामस्वरूप सैणी आदि मौजूद रहे।
हरोली की हर पंचायत में खुलेगा जिम : अनुराग
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र की हरेक पंचायत में युवाओं के लिए जिम खोला जाएगा। अगले दो माह के भीतर हरोली की 42 पंचायतों में युवाओं के लिए जिम की व्यवस्था कर दी जाएगी। अनुराग ने स्थानीय भाजपा नेता प्रो. राम कुमार की मांग पर हरोली में यह घोषणा की।
माफिया राज हटाओ, हिमाचल बचाओ रैली में अनुराग ने कहा कि पूर्व सीएम धूमल जब सांसद बने तो उन्होंने ऊना तक रेल पहुंचाई। मैं सांसद बना तो अंब तक तक रेललाइन का विस्तार किया गया। इस वर्ष दौलतपुर चौक तक रेल पहुंचाने का उनका लक्ष्य है। आगामी दो सालों में यह रेललाइन तलवाड़ा से जुड़ जाएगी।
अनुराग ने कहा कि चिट्टा बेचने वालों ने हरोली का नाम बदनाम कर दिया। चिट्टा माफिया को कांग्रेस सरकार का पूरा समर्थन है। कांग्रेस नेताओं ने हिमाचल के युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने का प्रयास किया है। भाजपा ने हरोली को सेंट्रल स्कूल, ट्रिपल आईटी और इंडस यूनिवर्सिटी जैसी परियोजनाएं दीं, लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने महज अपना विकास करने के अलावा कुछ नहीं किया।