हिमाचल-यूपी के बीच दौड़ेंगी 46 बसें, एमओयू हस्ताक्षरित
करीब 33 साल बाद हिमाचल और उत्तर प्रदेश के बीच सीधी बस सेवा शुरू हो गई है। अंतरराज्यीय यात्रियों को सुविधा देने के लिए सोमवार को दोनों राज्यों के बीच लखनऊ में एमओयू हस्ताक्षरित हुआ।
बसों के 27 रूट हिमाचल और 19 रूट उत्तर प्रदेश सरकार चलाएगी। सोमवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से पहली बस को हरी झंडी दिखाकर हिमाचल के लिए रवाना किया।
उत्तर प्रदेश के साथ हुए अंतरराज्यीय परिवहन समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद सूबे के परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि इससे हिमाचल के लोगों का पड़ोसी राज्य के साथ आवागमन अधिक सुलभ होगा।
उन्होंने कहा कि इसका श्रेय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों को जाता है। गोविंद ने कहा कि जयराम ठाकुर ने मुझे लखनऊ जाकर इन समझौतों पर हस्ताक्षर करने का दायित्व सौंपा।
शिमला, मनाली, ऊना, धर्मशाला से मिलेगी सुविधा
वर्ष 1985 के बाद यह पहला अवसर है जब हिमाचल और उत्तर प्रदेश के बीच इस तरह का समझौता हुआ है। हस्ताक्षर करने से पूर्व परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की उपस्थिति में योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से दूरभाष पर बात कर प्रदेश सरकार की इस पहल के लिए आभार जताया।
हिमाचल की राजधानी शिमला सहित धर्मशाला, मनाली, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर से उत्तर प्रदेश के बदायूं, पीलीभीत, सहारनपुर के बीच ये बसें चलेंगी। वोल्वो और साधारण बसों को इन रूट पर चलाया जाएगा।