सांप के डसने से मां बेटे की मौत, चार को चढ़ा जहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के बिलासपुर में एक परिवार पर एक सांप ने कहर बरपा दिया। सर्पदंश से पहले तो मां बेटे की मौत हो गई फिर चार और महिलाओं को भी जहर चढ़ गया। जहर से इनका दम भी घुटने लगा। मगर समय पर उपचार मिलने से इन्हें बचा लिया गया।
यह सनसनीखेज घटना बिलासपुर के मंडी माणवां पंचायत के माणवां गांव में पेश आई है। यहां एक जहरीले सांप के डसने से एक महिला और उसके बेटे की मौत हो गई। घटना मंगलवार रात की है जब पूरा परिवार सोया हुआ था।
सांप के डसने के बाद दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लेकिन जहर ज्यादा फैलने के कारण बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया जबकि महिला की अस्पताल में मौत हो गई।
चार महिलाओं को भी चढ़ा जहर
जानकारी के अनुसार माणवा गांव के सोनू का पूरा परिवार घर में सोया हुआ था। रात को अचानक उसकी पत्नी ममता देवी (26) और बेटे चंदन (7) का गला घुटने लगा। फौरन सोनू और उसके परिजन दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। मगर रास्ते में बच्चे ने दम तोड़ दिया। वहीं अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने महिला को भी मृत घोषित कर दिया।
बुधवार सुबह महिला और बच्चे के अंतिम संस्कार के दौरान घर में सफाई कर रही चार अन्य महिलाओं पर भी जहर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि कोबरे की फुंकार से महिलाओं का दम घुटने लगा। हालांकि, मणि और झाड़ फूंकसे उपचार के बाद वह ठीक हो गई और उन्हें घर भेज दिया गया।
घर में सांप होने का अंदेशा
वहीं, सांप को पकड़ने के लिए सपेरे को बुलाया गया है। लोगों को शक है कि घर में कोबरा प्रजाति का सांप छुपा हुआ है। प्रारंभिक जांच में मामला स्नेक बाइट का बताया जा रहा है। हालांकि, सांप के काटने की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वीके चौधरी ने बताया कि बच्चे की रास्ते में ही मौत हो गई थी।
महिला करीब 5:30 बजे अस्पताल पहुंची। इमरजेंसी में ओर्थो सर्जन तैनात थे। प्रारंभिक जांच में मामला स्नेक बाइट का प्रतीत हो रहा था। इसके बाद मेडिकल स्पेशलिस्ट को बुलाया। लेकिन, उनके अस्पताल पहुंचने से पहले महिला की मौत हो गई। पंचायत प्रधान राजकुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से 20 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।