Himachal Congress: प्रतिभा के समक्ष खुलकर सामने आई सिरमौर कांग्रेस की गुटबाजी
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि अगर मंच पर नहीं आए, तो वह भी दरी पर उनके साथ बैठेंगी। कार्यक्रम छोड़ वापस जाने की भी बात कही। इसके बाद हर्षवर्धन चौहान मंच पर पहुंचे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सिरमौर जिले के सलानी में रविवार को हुए कांग्रेस के भारत जोड़ो सद्भावना सम्मेलन में सिरमौर कांग्रेस की गुटबाजी पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के सामने खुलकर सामने आ गई। शिलाई के विधायक एवं उपनेता हर्षवर्धन चौहान मंच को छोड़कर समर्थकों के साथ नीचे दरी (मैट) पर बैठ गए।
प्रतिभा ने हाथ जोड़कर चार मिनट तक उन्हें मंच पर आने के लिए मनाया। यह भी कहा कि अगर मंच पर नहीं आए, तो वह भी दरी पर उनके साथ बैठेंगी। प्रतिभा ने कार्यक्रम छोड़ वापस जाने की भी बात कही। कहा कि यह सिरमौर की संस्कृति नहीं है। इसके बाद हर्षवर्धन चौहान मंच पर पहुंचे तो एक कुर्सी खाली थी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय बहादुर ने उन्हें साथ बैठने को कहा, लेकिन वह प्रतिभा सिंह के साथ बैठे। प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार प्रतिभा सिरमौर दौरे पर पहुंचीं थीं।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सिरमौर कांग्रेस के नेताओं में वर्चस्व की जंग चल रही है। प्रतिभा के दौरे को लेकर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं के बीच अलग-अलग बैठकें हो रही थीं। यह गुटबाजी गत शुक्रवार को तब सामने आई थी, जब एक खेमे ने नाहन में अलग बैठक कर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय बहादुर पर पार्टी के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित करने के लिए रणनीति तैयार की। इसके बाद शनिवार को अजय ने खुलासा किया कि पूर्व विधायक कुश परमार को हराने के लिए कुछ लोग उनके पास आए थे, जिनके नाम का खुलासा वह जल्द हाईकमान के समक्ष करेंगे।
सोलंकी-इकबाल के पक्ष में नारे
प्रतिभा सिंह के समक्ष ही कांग्रेस महसचिव अजय सोलंकी व अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष इकबाल चौधरी के समर्थकों ने अपने-अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। दोनों गुटों में धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। प्रतिभा के मंच पर बैठने के बाद भी नारेबाजी नहीं रुकी तो उन्होंने समर्थकों को शांत रहने की अपील की। इससे पहले हर्षवर्धन के पक्ष में भी उनके समर्थक नारेबाजी करते दिखे।
अलग-अलग किया स्वागत
प्रदेशाध्यक्ष का कांग्रेसी नेताओं ने अलग-अलग स्वागत किया। कालाअंब में अजय बहादुर सिंह, इकबाल चौधरी व कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर ने स्वागत किया। सैनवाला में पांवटा के पूर्व विधायक किरनेश जंग ने स्वागत किया, जबकि पंडाल के बाहर अजय सोलंकी व हर्षवर्धन चौहान ने स्वागत किया।
आमजन के बीच बैठना गुटबाजी नहीं: हर्षवर्धन
विधायक हर्षवर्धन ने कहा कि आमजन के बीच बैठना गुटबाजी नहीं है, बल्कि उन्होंने ये उदाहरण पेश करने की कोशिश की है कि नेताओं को भी जनता के बीच बैठना चाहिए।
भाजपा हर चुनाव में बदलती है अपना नारा, आपस में लड़वाने में माहिर: प्रतिभा सिंह
कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा हर चुनाव में अपना नारा बदलती है। भाजपा केवल भेदभाव और आपस में लड़वाने की ही बात करती है। कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं समेत हर समुदाय को मान सम्मान दिया है। सलानी में आयोजित भारत जोड़ो सद्भावना सम्मेलन के दौरान प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने काम किया है। इसी के बूते जनता के बीच जाकर वोट मांगेंगे।
अब वह समय आ गया है, जब जनता ने यह तय करना है कि उन्हें प्रदेश में कैसी सरकार चाहिए। जनता प्रदेश में कांग्रेस की सरकारों को भी देख चुकी है और वर्तमान भाजपा सरकार को भी। कांग्रेस ने जिस तरह उपचुनाव में चारों सीटें जीती हैं, उसी तरह विधानसभा चुनाव में भी जीत दर्ज कर अपनी सरकार बनाएगी। प्रतिभा सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब शिमला आए थे तो उन्होंने सिरमौर की एक महिला से बात की। पूछा कि क्या आपको आवास योजना का लाभ मिला।
इस पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह आवास योजनाएं कांग्रेस सरकार के समय से ही इंदिरा आवास योजना व राजीव आवास योजना के नाम से चल रही थीं। भाजपा ने केवल इनका नाम बदला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लोगों के बीच जाकर जो भी विकास कार्य सरकार के गिनवा रहे हैं, वह सब पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह के कार्यकाल के हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आठ वर्ष पहले कहा था कि वह दो करोड़ लोगों को रोजगार देंगे लेकिन उन्होंने आज तक 16,000 लोगों को भी रोजगार नहीं दिया। गैस सिलिंडर जो उनके समय में 550 रुपये का था, आज वह 1150 रुपये पहुंच गया है। महंगाई से लोग बुरी तरह त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि दिवंगत वीरभद्र सिंह ने सिरमौर के विकास में अपना योगदान दिया है।
स्कूल, कॉलेज, सड़कें और अस्पताल जो भी जनता ने मांगा, उन्हें मिला। नाहन, चंबा और हमीरपुर का मेडिकल कॉलेज कांग्रेस की ही देन है। रोहतांग टनल का सपना इंदिरा गांधी ने देखा था। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 1355 करोड़ की पहली किस्त जारी की थी। इसका शिलान्यास कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किया था, जिसे अब भाजपा ने अटल का नाम दिया है।