हिमाचल में सियासी हलचल: बागी विधायकों से मिलकर दिल्ली पहुंचे मंत्री विक्रमादित्य, खरगे को सौंपेंगे रिपोर्ट
शुक्रवार दोपहर विक्रमादित्य सिंह का चंडीगढ़ स्थित होटल ललित से निकलते हुए एक वीडियो सामने आया। वह हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मीडिया सलाहकार तरुण भंडारी के साथ नजर आए। दोनों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद वह अपनी गाड़ी में बैठकर एयरपोर्ट रवाना हुए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को भी खूब सियासी गहमागहमी रही। वीरवार देर रात मंत्री विक्रमादित्य सिंह चंडीगढ़ में अयोग्य घोषित छह विधायकों से मिलने पहुंचे। शुक्रवार दोपहर तक वह चंडीगढ़ में बागियों के साथ रहे और फिर दिल्ली रवाना हुए। हालांकि, शाम को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चर्चाओं पर विराम लगाते हुए कहा कि विक्रमादित्य उनसे बात करने के बाद ही चंडीगढ़ गए। वह नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी मिलेंगे। देखते हैं कि अब आगे क्या होता है।
सुक्खू ने दोहराया कि सरकार को कोई खतरा नहीं है। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का कहना है कि विक्रमादित्य सिंह के कार्यालय की ओर से जारी शेड्यूल को देखा जाए। अन्य बातों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। वह आधिकारिक दौरे पर दिल्ली गए हैं। हो सकता है कि हाईकमान से भी मुलाकात करें।
शुक्रवार दोपहर विक्रमादित्य सिंह का चंडीगढ़ स्थित होटल ललित से निकलते हुए एक वीडियो सामने आया। वह हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मीडिया सलाहकार तरुण भंडारी के साथ नजर आए। दोनों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद वह अपनी गाड़ी में बैठकर एयरपोर्ट रवाना हुए। उन्होंने मीडिया के सवालों पर चुप्पी साधे रखी। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार वह दिल्ली की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। शनिवार को उनकी केंद्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात प्रस्तावित है।
इधर, शिमला में मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रमादित्य ने वीरवार को उन्हें सूचित किया था कि कांग्रेस के कुछ बागियों ने उनसे संपर्क किया है और वापस आना चाहते हैं। मैंने उनसे बागी विधायकों और कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से बात करने को कहा। बागी विधायकों के परिवार के सदस्य उनसे बात कर रहे हैं और वे कांग्रेस में रहना चाहते हैं। सुक्खू ने कहा कि उन्होंने पहले ही इस मुद्दे पर रुख साफ कर दिया है कि पार्टी विद्रोहियों को वापस लेने के लिए तैयार हैं।
प्रतिभा अभी भी मुखर, बोलीं, मंत्रियों को स्वतंत्र काम करने की आजादी नहीं
मुख्यमंत्री के बयान के बाद विक्रमादित्य के चंडीगढ़ दौरे को लेकर तो स्थिति स्पष्ट हुई है, लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह अभी भी मुखर हैं। शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में प्रतिभा सिंह ने सरकार की कार्यप्रणाली पर फिर ताबड़तोड़ हमले किए। कहा कि मंत्रियों को अपने विभागों में स्वतंत्र तौर पर काम करने की आजादी नहीं है। ऐसा सिर्फ विक्रमादित्य के साथ नहीं हो रहा, कई मंत्रियों के साथ हो रहा है। भाजपा की कार्यप्रणाली हमसे बेहतर है। कांग्रेस में अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।
विक्रमादित्य ने फेसबुक प्रोफाइल से हटाया आईएनसी का जिक्र
लोक निर्माण और शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपनी फेसबुक प्रोफाइल से इंडियन नेशनल कांग्रेस (आईएनसी) का जिक्र हटा दिया है। उनके फेसबुक पेज पर हिमाचल का सेवक लिखा गया है। इससे पहले विक्रमादित्य सिंह की फेसबुक प्रोफाइल पर एमएलए आईएनसी सहित मंत्री पद का जिक्र भी था।