लिम्का बुक में दर्ज होगा रिवर राफ्टिंग अभियान, 230 किमी सफर तय करेगी टीम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पर्यावरण संरक्षण और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबंधित खेल संस्थान मनाली का चार दिवसीय रिवर राफ्टिंग अभियान बुधवार को मनाली से शुरू हुआ। संस्थान के निदेशक कर्नल नीरज राणा के नेतृत्व में 13 सदस्यीय दल मनाली से कांगड़ा के देहरा की पौंग झील तक ब्यास नदी में लगभग 230 किलोमीटर का सफर राफ्टिंग से तय करेगा। वन, परिवहन, युवा सेवाएं और खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बाहणु पुल के पास इस दल को रवाना किया। गोविंद ठाकुर ने स्वयं भी पतलीकूहल तक राफ्टिंग कर जांबाजों की हौसलाअफजाई की।
गोविंद सिंह ने कहा कि स्वच्छ आबोहवा और सुंदर वादियों के कारण ही हिमाचल में प्रतिवर्ष लाखों पर्यटक आते हैं। राज्य की आर्थिकी में पर्यटन उद्योग का बहुत ही महत्वपूर्ण योगदान है। इसलिए यहां पर्यावरण संरक्षण के प्रति आम जनमानस में जागरूकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। वन मंत्री ने कहा कि प्रदेश में साहसिक खेलों के माध्यम से भी पर्यटन को बढ़ावा देने की अपार संभावनाएं हैं। इसी के मद्देनजर अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबंधित खेल संस्थान के माध्यम से मनाली से पौंग झील तक रिवर राफ्टिंग अभियान की पहल की गई है।
वन मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि रिवर राफ्टिंग का संभवतया यह विश्व का सबसे लंबा अभियान होगा। इसे लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज करवाने के लिए पर्वतारोहण संस्थान ने ऑनलाइन आवेदन भी कर दिया है। हिमाचल अब भारत में रिवर राफ्टिंग में अग्रणी भूमिका निभाने जा रहा है। वर्ल्ड राफ्टिंग एसोसिएशन ने अगले वर्ष मनाली में प्रथम एशियन राफ्टिंग चैंपियनशिप के आयोजन के लिए हरी झंडी दे दी है।
प्रदेश के लगभग 25 राफ्टरों को सर्बिया में प्रशिक्षण देने के लिए भी हामी भरी है। एशियन चैंपियनशिप के बाद कुल्लू घाटी में विश्व चैंपियनशिप का मार्ग भी प्रशस्त होगा। इससे प्रदेश एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। इससे पहले पर्वतारोहण संस्थान के निदेशक कर्नल नीरज राणा ने वन मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान बीआरओ के कमांडर कर्नल उमा शंकर, एसडीएम रमन घरसंगी, एएसपी राजकुमार चंदेल आदि मौजूद रहे।