लोकसभा चुनाव: हिमाचल में मंडी और कुल्लू जिले के वोटरों को रिझाने वाला प्रत्याशी चुनावी दंगल में मारेगा बाजी
मंडी संसदीय क्षेत्र में मंडी और कुल्लू जिले के 13 विधानसभा क्षेत्रों के वोटरों को रिझाने वाला इस सीट के चुनावी दंगल में बाजी मार सकता है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र में मंडी और कुल्लू जिले के 13 विधानसभा क्षेत्रों के वोटरों को रिझाने वाला इस सीट के चुनावी दंगल में बाजी मार सकता है। कुल 17 हलकों वाली इस सीट में 13 हलके मंडी और कुल्लू जिले के ही हैं। यहां से लीड लेने वाले प्रत्याशी की जीत लगभग तय होगी। चुनावी दंगल में दोनों प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस ने अपने चुनावी चेहरे साफ कर दिए हैं। कांग्रेस ने युवा चेहरे विक्रमादित्य सिंह को मैदान में उतारा है। दूसरी तरफ भाजपा से अभिनेत्री कंगना रणौत चुनावी रण में हैं। यहां युवाओं के बीच मुकाबला रोचक होने के आसार हैं। तत्कालीन भाजपा सरकार के समय हुए उप चुनाव में मां प्रतिभा सिंह को जीत दिलाने का अनुभव कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के काम आएगा।
वहीं, मंडी में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली भाजपा प्रत्याशी रणौत के लिए सियासी कवच बांधने के काम आएगी। मंडी और कुल्लू जिले की 13 सीटों पर सेंधमारी कांग्रेस, भाजपा के लिए संजीवनी का काम करेगा। सतारूढ़ कांग्रेस सरकार हॉट सीट मंडी को लेकर सबसे अधिक गंभीर दिखाई दे रही है। हालांकि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी इस सीट पर फोकस किया हुआ है। वर्ष 2019 के चुनाव में कांग्रेस का गढ़ रहे रामपुर से भी भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा को 11,550 मतों की लीड मिली थी। जोगिंद्रनगर ने 36,292 मतों की लीड दी। सिराज ने 37,147 मतों का झोंका देकर मुकाबला एकतरफा कर दिया। मंडी के आश्रय शर्मा मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी थे।