तीसरी मंजिल पर पोलिंग बूथ छुड़ाएगा वोटरों के पसीने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला संसदीय क्षेत्र के 38 पोलिंग स्टेशनों पर पहुंचने में उम्रदराज और दिव्यांग मतदाताओं को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। ऐसा इसलिए है कि ये सभी मतदान केंद्र भवन के पहली, दूसरी या तीसरी मंजिल पर स्थित हैं। इन केंद्रों तक पहुंचने के लिए प्रदेश निर्वाचन विभाग ने वैसे तो स्वयं सेवकों की तैनाती करने की तैयारी की है। साथ ही पहले से इन मतदान केंद्रों में आने वाले वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं की मैपिंग कर चिह्नित भी किया है। बावजूद इसके मतदाताओं को मतदान में उतनी आसानी नहीं होगी, जितनी ग्राउंड फ्लोर पर बने मतदान केंद्र तक पहुंचने में होगी।
प्रदेश की चार लोकसभा सीटों के लिए होने वाले मतदान के लिए चुनाव विभाग ने इस बार 7723 स्थायी मतदान केंद्र बनाए हैं। इसके अलावा सात सहायक मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। इनमें कुल 53.30 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 999 शतकवीर मतदाताओं के अलावा 37 हजार दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। यूं तो इस बार कई ऐसे मतदान केंद्र भी चिह्नित किए हैं, जहां मतदान कर्मी भी दिव्यांग ही लगाए जाएंगे।
इसके अलावा दिव्यांग, वृद्ध मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने और घर छोड़ने के लिए वाहनों की तैनाती, मतदान केंद्र पर व्हील चेयर और स्वयं सेवक भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की है। इस सब कवायद के बावजूद शिमला संसदीय क्षेत्र के शिमला और सोलन जिले में 38 मतदान केंद्रों पर शारीरिक रूप से जरा भी अक्षम होने वाले मतदाताओं को मतदान केंद्र पहुंचने में थोड़ी मुश्किल हो सकती है। सोलन जिले में 5 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जो पहली मंजिल पर हैं। शिमला जिले में 19 मतदान केंद्र पहली मंजिल पर हैं, जबकि 13 दूसरी और एक तीसरी मंजिल पर बनाया है।
जल्द चिह्नित किए जाएंगे नए मतदान केंद्र
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी देवेश कुमार ने बताया कि चुनावों में सभी मतदान केंद्रों खासकर इन 38 केंद्रों पर वृद्ध, दिव्यांग व बीमार मतदाताओं की सहायता को हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया खत्म होते ही सबसे पहले इन मतदान केंद्रों के आसपास ऐसे भवनों का चयन किया जाएगा, जहां मतदान केंद्र ग्राउंड फ्लोर पर ही बनाया जा सके। इसके लिए अभी से ही सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।