पत्र बम मामला: रिपोर्ट के बाद भाजपा में चढ़ा गुटबाजी का पारा, सत्ती ने ये कहा
हिमाचल में पड़ रही कड़ाके की सर्दी के बीच सत्तारूढ़ भाजपा में गुटबाजी का पारा चढ़ गया है। मुख्यमंत्री और दो मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के संगीन आरोपों का पत्र सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद आई फोरेंसिक रिपोर्ट से पार्टी में घमासान तेज हो गया है।
मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने अपनी ही पार्टी के पूर्व मंत्री रविंद्र रवि के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था तो बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने भी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है। फोरेंसिक रिपोर्ट में पत्र वायरल करने के रवि पर लगे आरोप सही पाए गए हैं।
सत्ती ने कहा कि सोशल मीडिया में वायरल पत्र मामले की फोरेंसिक रिपोर्ट आ गई है। इसमें कुछ लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की सारी रिपोर्ट उन्होंने सरकार से मंगवाई है। रिपोर्ट में जो भी दोषी पाया जाएगा, उनके खिलाफ संगठन कार्रवाई करेगा।
जयराम सरकार के खिलाफ गलतफहमी में न रहें
पूर्व मंत्री रविंद्र रवि के सरकार द्वारा बात का बतंगड़ बनाने के ब्यान व जांच पर सवाल उठाने पर सत्ती ने कहा कि भाजपा में कुछ लोगों को लंबे समय से यह आदत पड़ी है। शांता कुमार मुख्यमंत्री थे तो उनके विरोध में बहुत लोग साजिश रचते थे। प्रो. प्रेम कुमार मुख्यमंत्री बने तो कुछ लोगों ने हो हल्ला मचाकर सरकार को बदनाम करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि समय-समय पर समझौते होते रहे और परिस्थितियां बदलती रहीं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि जयराम सरकार से कुछ लोगों को गलतफहमी है, जिन्हें अच्छा नहीं लग रहा है कि सरकार ठीक चल रही है। उन्होंने कहा कि गलतफहमी न रहें, जो गलत करेगा, उसे भुगतना पड़ेगा। फिर चाहे वह कार्यकर्ता हो या नेता। इस पर वह आर या पार का काम करने में लगे हैं।