हिमाचल : बाजार में आ गया तेंदुआ, मची अफरातफरी, चार लोगों को किया लहुलूहान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के सिरमौर में उपमंडल शिलाई के रोनहाट बाजार में शनिवार सुबह साढ़े दस बजे तेंदुए के घुसने से अफरातफरी मच गई। तेंदुए ने बाजार में चार लोगों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया।
इसके बाद तेंदुआ जैसे ही एक दुकान में घुसा, रोनहाट पुलिस चौकी के कर्मियों ने हिम्मत दिखाते उसे दुकान का शटर गिराकर बंद कर दिया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
श्रीरेणुकाजी से वन्य प्राणी विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को रेस्क्यू किया, लेकिन तब तक तेंदुए की मौत हो चुकी थी। कयास लगाए जा रहे हैं दुकान के भीतर दम घुटने से उसकी मौत हुई है।
हमले में ये लोग हुए घायल
तेंदुए के हमले में घायल नरेश कुमार, विनय रॉय, बाबू राम और अमजद अस्पताल में उपचाराधीन हैं। चारों बुरी जख्मी हुए हैं। स्थानीय निवासी दलीप सिंह, छाजूराम, प्रताप सिंह, तुलसी राम ने बताया कि सुबह तेंदुए को सिविल सप्लाई की दुकान की ओर आते देखा, जहां उसने डिपो होल्डर नरेश (29) पर हमला कर उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया।
उसके बाद तेंदुआ बाजार की ओर भागा। इस बीच तीन अन्य लोगों पर झपट कर जख्मी कर दिया। तेंदुआ लोगों के शोर से डर से एक दुकान में घुस गया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत दुकान का शटर बंद कर दिया। सूचना मिलने पर शाम करीब छह बजे वन्य प्राणी विभाग की टीम पिंजरा लेकर पहुंची। घंटों तक उसे निकालने के प्रयास किए गए।
शट्टर को खोलकर देखा तो तेंदुआ मरा हुआ था
इसके बाद शट्टर को खोलकर देखा तो तेंदुआ मरा हुआ था। रेस्क्यू के लिए पहुंची टीम में वन विभाग के रेंज अफसर सुरेश पाल, वन्य प्राणी विभाग डॉ. अमित राजटा शामिल रहे।
डॉ. राजटा ने बताया कि तेंदुए की मौत के कारणों के बारे में फिलहाल नहीं बताया जा सकता। पोस्टमार्टम से ही इसका खुलासा होगा। हो सकता है कि देर तक कमरे में बंद रहने से डर और दम घुटने से उसकी मौत हुई होगी।