राहुल गांधी के भाषण का वीडियो तलब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा की शिकायत के बाद राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र चौहान ने राहुल गांधी के भाषण का वीडियो तलब किया है। डीसी सोलन से वीडियोग्राफी के साथ अलग से रिपोर्ट भी मांगी गई है। रिपोर्ट में पूछा गया है कि राहुल गांधी ने अपने भाषण में क्या कहा है और क्या ये जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 123(4) के दायरे में आता है? मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने रिपोर्ट तलब करने की पुष्टि की है।
भाजपा ने शिकायत की थी कि राहुल गांधी ने सोलन और बिलासपुर रैली में झूठे, व्यक्तिगत और निराधार आरोप लगाए हैं, जो चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। शिकायत भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गणेश दत्त की ओर से की गई थी।
धूमल को भ्रष्टाचार का चैंपियन कहा था
हिमाचल भाजपा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को लीगल नोटिस दिया है। राहुल गांधी को बिलासपुर और सोलन रैलियों में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और अनुराग ठाकुर पर लगाए गए आरोपों के लिए 10 दिन के भीतर क्षमा मांगने को कहा गया है।
यदि ऐसा नहीं हुआ तो राहुल गांधी को मानहानि का सिविल और क्रिमिनल केस भुगतना होगा। नोटिस एडवोकेट विक्रांत ठाकुर की ओर से दिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि राहुल गांधी ने सोलन और बिलासपुर में हुई रैलियों में धूमल को भ्रष्टाचार का चैंपियन कहा थ्ाा।
यह भी कहा कि धूमल भी मोदी की तरह चौकीदार बन गए थे। धूमल पर आरोप लगाया था कि उन्होंने बेटे की क्रिकेट एसोसिएशन को एक रुपये में 250 करोड़ की जमीन दे दी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी से की थ्ाी शिकायत
भाजपा ने कहा है कि सच्चाई यह है कि एचपीसीए न तो निजी संस्था है और न ही जमीन अनुराग ठाकुर को दी गई है। दूसरा एचपीसीए इस जमीन के बदले हर साल 27 लाख रुपये का लीज मनी अदा कर रही है।
भाजपा ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भी अलग से शिकायत भेजी है। इसमें कहा गया है कि राहुल गांधी ने झूठे, व्यक्तिगत और निराधार आरोप लगाकर जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 123(4) का उल्लंघन किया है। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
कार्रवाई की जाएगी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र चौहान ने कहा कि राहुल गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को भ्रष्टाचार का चैंपियन कहा है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।