Sirmour News: एनएच-707 पर दरकी पहाड़ी, स्कूल पर गिरीं चट्टानें, तीन कमरे क्षतिग्रस्त
प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब-शिलाई नेशनल हाईवे-707 शिल्ला के समीप सोमवार सुबह पहाड़ी दरकने से बंद हो गया। एनएच पर हुए भारी भूस्खलन के बीच पहाड़ी से आई चट्टानें इसके ठीक नीचे राजकीय माध्यमिक स्कूल शिल्ला के भवन पर जा गिरीं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब-शिलाई नेशनल हाईवे-707 शिल्ला के समीप सोमवार सुबह पहाड़ी दरकने से बंद हो गया। एनएच पर हुए भारी भूस्खलन के बीच पहाड़ी से आई चट्टानें इसके ठीक नीचे राजकीय माध्यमिक स्कूल शिल्ला के भवन पर जा गिरीं। इससे तीन कमरों की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। एक पिलर भी पूरी तरह टूट गया। गनीमत रही कि जिस समय ये घटना हुई, उस समय स्कूल नहीं खुला था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद ग्रामीणों में एनएच के निर्माण में जुटी कंपनियों के खिलाफ भारी गुस्सा है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम कफोटा के सामने भी लोगों ने कंपनियों के खिलाफ अपना गुस्सा निकाला और इस तरह की लापरवाही को लेकर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों ने कंपनी और विभाग की कार्यप्रणाली के प्रति रोष प्रकट करते हुए तब तक सड़क नहीं खोलने दी, जब तक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। मौके पर पहुंचे एसडीएम कफोटा राजेश वर्मा ने कंपनी के अधिकारी को मौके पर बुलाया। कंपनी के अधिकारी ने स्कूल की मरम्मत करने का आश्वासन दिया। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से काम करने का भी ग्रामीणों को आश्वासन दिया। उसके बाद सड़क खोलने का कार्य दोपहर बाद 2:00 बजे शुरू हुआ। साढ़े तीन बजे सड़क को आवाजाही के लिए बहाल कर दिया। सड़क बंद होने से पांवटा और शिलाई की ओर आने जाने वाली बसों के अलावा सैकड़ों वाहन आठ घंटे जाम में फंसे रहे। ग्रामीण एक छोर से दूसरे छोर पर पहुंचने के लिए एक से डेढ़ किलोमीटर पैदल चले।
एसडीएम कफोटा राजेश वर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की सभी मुख्य बातों को ध्यान में रखते हुए कंपनी को दिशानिर्देश दे दिए हैं। कंपनी स्कूल की मरम्मत कराएगी और सड़क का विस्तार करते हुए सभी सुरक्षा उपायों को करने के निर्देश भी दिए हैं। नहीं मान रही कंपनीअध्यापक राजेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल को भारी नुकसान हुआ है। पहले भी कंपनी के अधिकारी को बताया गया था कि पहाड़ी के ठीक नीचे स्कूल है। कोई हादसा न हो, इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए भी कहा था। लेकिन कार्य कर रही कंपनी ने एक नहीं मानी। हालांकि, एक बड़ा हादसा होने से टल गया है। स्कूल में छठी से आठवीं तक 37 छात्र शिक्षा ग्रहण करते हैं। स्कूल एनएच सड़क से ठीक नीचे 50 मीटर की दूरी पर है। प्रधानाचार्य गुलाब सिंह तोमर ने बताया कि स्कूल को बड़े पत्थरों से क्षति हुई है। एक पिलर टूटा है। इसके अलावा तीन कमरों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
