हिमाचल: ब्यास में डूबा युवक, खड्ड में बहा छात्र, पत्थर गिरने से पिता और पुत्र की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के कई क्षेत्रों में भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। कांगड़ा जिला में एक स्कूली छात्र की खड्ड में बहने से मौत हो गई। 12 साल का रोहित अपनी बहन का हाथ पकड़कर जब्बर खड्ड को पार कर रहा था। अचानक पानी के तेज बहाव से रोहित का हाथ छूट गया और वह खड्ड में बह गया।
रक्कड़ के निकट कालेश्वर महादेव मंदिर में जालंधर से घूमने आए टिंका (35) पुत्र पूर्ण चंद ब्यास नदी में नहाते समय डूब गया। चंबा-भरमौर मार्ग पर ढकोग में मोटरसाइकिल पर सवार दंपति और उनके बच्चे पर मलबा और पत्थर गिर गए, जिससे पांच साल के बेटे की मौके पर मौत हो गई। बाद में पिता ने भी दम तोड़ दिया जबकि मां की हालत गंभीर बनी हुई है।
चंबा की गरनोटा पंचायत में दो मंजिला घर और दो दुकानें जबकि मंडी जिला के जबोठी में दो गौशालाएं और गैहरा स्कूल की दीवार ढह गई है। कुल्लू, मंडी और चंबा में भूस्खलन से तीन दर्जन से अधिक सड़कें ठप हैं। बगीचों में सेब तुड़ान रुक गया है। अपर शिमला में सड़कों की हालत खराब होने की वजह से सेब से लदे ट्रक फंस गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने रविवार, सोमवार और मंगलवार को प्रदेश भर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
कुल्लू घाटी में शुक्रवार रात से हो रही बारिश से जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। जिले में एनएच-305 के अलावा एक दर्जन सड़कों पर यातायात ठप होने से सेब की खेप फंस गई है। मौसम के रुख को देखते हुए घाटी के बागवानों ने सेब तुड़ान रोक दिया है। ठियोग-हाटकोटी-रोहड़ू सड़क शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे बंद हो गई।
कांगड़ा जा रहे सीएम हमीरपुर से लौटे
मंडी में सरकाघाट-जोगिंद्रनगर रोड अवरुद्ध है। शनिवार सुबह थानागढ़ और चिहर के समीप सड़क पर ल्हासे गिरने से वाहनों की आवाजाही चार घंटे बाधित रही। चंबा-तीसा-पांगी मार्ग भूस्खलन की वजह से शुक्रराली नाले के पास बंद हो गया है। कांगड़ा के राजा का तालाब में जखाड़ा खड्ड का जलस्तर बढने से घंटों यातायात बाधित रहा।
खड्ड के उफान में सीएम के कार्यक्रम के लिए जा रही एक सरकारी गाड़ी फंसी रही जिसे कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। राजधानी शिमला में भी शनिवार को दिन भर बारिश का दौर चलता रहा। धर्मशाला, पालमपुर और बैजनाथ उपमंडलों में करीब छह घंटे तक लगातार बारिश हुई।
खराब मौसम की वजह से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का हेलीकाप्टर कांगड़ा नहीं पहुंच पाया। मुख्यमंत्री ने शनिवार को तीन विधानसभाओं फतेहपुर, नुरपूर और इंदौरा का दौरा करना था, लेकिन उनका हेलीकाप्टर हमीरपुर से आगे नहीं जा सका। भारी बारिश के चलते हेलीकाप्टर हमीरपुर से शिमला लौट आया।
दौरा स्थगित होने की वजह से सीएम ने सचिवालय से टेली कांफ्रेंसिंग कर तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए घोषित शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम पूरे किए। सीएम ने 133 किलोवाट विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण और कांडना में महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज की आधारशिला सहित लगभग 70 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास किए।
कहां कितनी बारिश
भोरंज 136
गोहर 133
सुंदरनगर 75
रामपुर 47
नादौन 44
हमीरपुर 40
पालमपुर 38
शिमला 28
धर्मशाला 25
( मिलीमीटर में)