गुड़िया गैंगरेप हत्याकांड: जांच की कड़ियां जोड़ने में जुटीं CBI की तीनों टीमें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुड़िया गैंगरेप हत्याकांड मामले में सीबीआई ने अब तक हुई जांच की कड़ियां जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी है। ग्रैंड होटल में शुक्रवार सुबह 9 बजे सीबीआई की तीनों टीमों में शामिल अफसर एक कमरे में इकट्ठा हुए।
टीमों ने वरिष्ठ अफसर के समक्ष अब तक हुए जांच के तथ्य साझा किए। सीबीआई की एक टीम ने जहां गुड़िया और सूरज की बॉडी के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट पर चर्चा की।
वहीं दूसरी टीम ने पुलिस जांच का रिकॉर्ड और तीसरी टीम ने घटनास्थल की रिपोर्ट समेत आरोपियों से रिमांड के दौरान की गई पूछताछ का ब्योरा बैठक में साझा किया।
जांच के लिए हिमाचल से बाहर भेजे सैंपल
सूत्र बताते हैं कि फोरेंसिक लैब में गुड़िया के बॉडी से लिए गए डीएनए सैंपलों की रिपोर्ट को तीसरी बार मशीन में जांचा जा रहा है। तीन दिन के भीतर इसकी रिपोर्ट सामने आनी है।
इसी तरह से सूरज की बॉडी के सैंपल की रिपोर्ट फोरेंसिक लैब भेजी गई है। इन सैंपलों की भी फोरेंसिक जांच शुरू हो चुकी है। चूंकि, इस प्रकरण में डीएनए सैंपलों पर केस का दारोमदार टिका है, ऐसे में जांच एजेंसी कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहती।
सीबीआई की टीम ने भी सूरज की बॉडी के पोस्टमार्टम को री-एग्जामिन किया है। टीम ने चार सैंपलों को जांच के लिए हिमाचल से बाहर भेजा है। अब इन दोनों रिपोर्टों का भी मिलान किया जाना है।
कैथू से कंडा सेंट्रल जेल शिफ्ट नहीं हो सके गुड़िया कांड के आरोपी
सीबीआई की पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजे गए गुड़िया गैंगरेप हत्याकांड के पांचों आरोपियों को शनिवार को कंडा जेल शिफ्ट किया जाएगा।
ठियोग कोर्ट के सभी आरोपियों को अलग-अलग रखने के आदेश और कैथू सब जेल में जगह की कमी के चलते जेल विभाग ने सेशन कोर्ट से आरोपियों को शिफ्ट करने की अनुमति मांगी थी।
शुक्रवार शाम को सभी आरोपियों को शिफ्ट करने के लिए कोर्ट ने अनुमति दे दी जिसके बाद अब शनिवार को पांचों आरोपियों को सेंट्रल जेल शिफ्ट कर दिया जाएगा।
दरअसल, एसआईटी की पूछताछ के दौरान एक आरोपी राजेंद्र उर्फ राजू ने अन्य आरोपी सूरज की हवालात में पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
घटना के दौरान पुलिस की बड़ी चूक सामने आई थी। वहीं, अन्य आरोपियों ने अब राजू से जान का खतरा जताया है। ऐसे में विभाग जेल में किसी भी अनहोनी होने से पहले ही पुख्ता व्यवस्था करना चाह रहा है।
चूंकि कैथू सब जेल में सभी आरोपियों को अलग रखने के लिए पर्याप्त बैरक नहीं है, ऐसे में सभी आरोपियों को सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया जा रहा है।
सेंट्रल जेल में सभी आरोपियों को एकांत वाली बैरकों में रखा जाएगा। साथ ही उनके बैरक के बाहर सुरक्षा भी पुख्ता रखी जाएगी।
गुड़िया के परिजनों से मिलीं महिला आयोग की सदस्य
गुड़िया के परिजनों से मिलने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य शुक्रवार को कोटखाई पहुंची। आयोग की सदस्य सुषमा साहू ने इस दौरान गुड़िया के परिजनों से बातचीत की। सदस्य ने परिवार के सदस्यों को न्याय को लेकर लड़ाई लड़ने की बात कही।
शुक्रवार सुबह आयोग की सदस्य सुबह दिल्ली से शिमला के लिए फ्लाइट पकड़ी थी। होटल पीटर हॉफ में थोड़ा विश्राम करने के बाद वह कुछ लोगों के साथ कोटखाई के लिए रवाना हुई। महिला आयोग की सदस्य ने गुड़िया के परिजनों से मुलाकात की।
वारदात स्थल का भी मुआयना किया। इस पूरे मामले की जानकारी महिला आयोग की सदस्य ले रही हैं। देर शाम वह बाकी सदस्यों के साथ शिमला लौट आई। उन्होंने कहा कि गुड़िया को न्याय दिलाने के लिए वह लड़ेंगे और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाएंगे।