कौल सिंह बोले, एम्स का शिलान्यास लटका रहे नड्डा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ने कहा कि बिलासपुर में एम्स शिलान्यास के लिए तैयार है। केंद्र ही इसको लेकर देरी कर रहा है। लगता है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा साल 2017 में होने वाले विस चुनावों के नजदीक तक शिलान्यास कार्यक्रम को सरका रहे हैं। सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कौल सिंह ने बताया कि बुधवार को शिमला में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से उन्होंने मुलाकात की।
एम्स के जल्द शिलान्यास की मांग की। कहा कि प्रधानमंत्री या वह स्वयं जल्द इसका शिलान्यास करें। चंबा, हमीरपुर और नाहन में खोले जाने वाले मेडिकल कॉलेजों के लिए जल्द केंद्रीय शेयर देने की मांग भी की। मंडी के कैंसर अस्पताल के लिए धनराशि जल्द देने को कहा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने बीस जनवरी के बाद नई दिल्ली में अफसरों के साथ आने को कहा है। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के उच्च अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इसी बैठक में हिमाचल की मांगों पर चर्चा होगी।
केएनएच में बच्चे की मौत मामले पर बिठाई जांच
कौल सिंह ने बुधवार को कमला नेहरू अस्पताल शिमला में एक बच्चे की मौत के मामले पर जांच बैठा दी है। कहा कि अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक से रिपोर्ट तलब की गई है। अगर सीनियर डॉक्टरों की लापरवाही सामने आई तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी।
पीलिया की चपेट में आए मरीजों को मुफ्त इलाज
शिमला में पीलिया की चपेट में आए मरीजों का इलाज मुफ्त होगा। मंत्री ने कहा कि अस्पतालों में पीलिया के टेस्ट करने और दवाएं देने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। बताया कि सभी अस्पतालों में पीलिया की रोगियों की देखभाल के उचित बंदोबस्त किए गए हैं।
सोलन अस्पताल में कर सकेंगे पोस्टमार्टम
कुमारहट्टी स्थित महर्र्षि मारकंडेय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल को पोस्टमार्टम करवाने के लिए सोलन अस्पताल में सुविधा दी जाएगी। कॉलेज प्रबंधन ने हरियाणा सरकार से मंजूरी लेकर कालका में पोस्टमार्टम करना शुरू किया है। इसे देखते हुए सरकार ने सोलन में सुविधा देने के आदेश दिए हैं।
मेडिकल, फूड सिक्योरिटी अफसर भरेंगे पानी सैंपल
कौल सिंह ने महकमे के सभी मेडिकल ऑफिसरों और फूड सिक्योरिटी ऑफिसरों को अपने क्षेत्रों में पीने के पानी के सैंपल भरने के आदेश दिए हैं। पानी के सैंपलों की जांच कंडाघाट लैब में होगी।