नूरपुर: घटनास्थल पर बस और बाइक दौड़ा देखा कैसे हुआ हादसा
नूरपुर में स्कूल बस हादसे की सरकार ने न्यायिक जांच शुरू कर दी है। एडीएम कांगड़ा एमआर भारद्वाज की अध्यक्षता में गठित जांच कमेटी ने घटनास्थल का दौरा किया और कारणों से जुड़े संभावित हर पहलू को जांचा गया।
साथ ही सड़क के उस हिस्से की लंबाई व चौड़ाई की पैमाइश भी की गई, यहां से बस गहरी खाई में लुढ़क गई थी। कमेटी ने सड़क पर एक बस व मोटर साइकिल चलवा कर यह जानने का भी प्रयास किया कि अगर सामने से मोटरसाइकिल भी आया हो तो हादसे के वक्त क्या स्थिति रही होगी।
एडीएम कांगड़ा ने अफसरों के साथ किया घटनास्थल का दौरा
टीम ने सड़क की स्थिति, दुर्घटनाग्रस्त बस के मलबे व दुर्घटना स्थल का जायजा लिया गया और साथ ही विशेषज्ञों की टीम ने इस हादसे की संभावनाओं का पता लगाने की कोशिश की। एडीएम एमआर भारद्वाज ने बताया कि यह जांच का पहला चरण है।
अब कमेटी राम सिंह पठानिया मेमोरियल पब्लिक स्कूल, गुरचाल के प्रबंधन से मिलेगी। जल्द इसकी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी जाएगी। इस अवसर पर डीएसपी नूरपुर नवदीप सिंह, एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक राजकुमार, मोहर वाहन निरीक्षक पंकज सिंह, एचआरटीसी ड्राइविंग निरीक्षक रणजोध सिंह पठानिया मौजूद रहे।