धूमल वाली सेल्फी हटाई, नड्डा-जयराम की फोटो अपलोड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में बदले राजनीतिक समीकरणों के साथ ही कई भाजपा समर्थकों और कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने पाला बदलना शुरू कर दिया है।
विधानसभा चुनाव की मतगणना के दिन तक जिन लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल के साथ ली गई सेल्फी को फेसबुक और ट्विटर पर अपनी प्रोफाइल फोटो बनाया हुआ था।
ऐसे लोगों ने अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और पूर्व मंत्री जयराम ठाकुर के साथ खिंचवाई गई पुरानी फोटो को सोशल मीडिया में अपलोड करना शुरू कर दिया है।
धूमल की हार होते ही किसी और के मुख्यमंत्री बनने की संभावना को देखते हुए अपनी आस्था बदलने वाले ऐसे लोगों की सोशल मीडिया में खूब मौज ली जा रही है। ऐसे लोगों द्वारा अपलोड की गई नई फोटो पर धूमल के कट्टर समर्थक कड़ी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। ऐसे लोगों को गिरगिट को भी मात देने वाले जैसे कमेंट्स लिखे गए हैं।
अफसर बदलने वाली लिस्टों का क्या होगा
सोशल मीडिया पर ऐसे लोगों की भी खूब मौज ली जा रही है, जिन्होंने मतगणना से कुछ दिन पहले सार्वजनिक तौर पर दावे किए थे कि धूमल की अगुवाई में बनने वाली नई सरकार में कौन-कौन अफसर बड़े ओहदों पर लगेंगे, उनकी लिस्टें तैयार हैं।
ऐसे लोगों के फेसबुक वॉल पर अब लोग कमेंट्स कर पूछ रहे हैं कि अफसर बदलने वाली लिस्टों का अब क्या होगा? एक कांग्रेसी ने इसी मामले को लेकर कमेंट किया है कि सिर मुंडवाते ही ओले पड़े। इस पोस्ट को भी खूब लाइक और शेयर मिल रहे हैं।
बिंदल, भारद्वाज के पक्ष में भी बनाई जा रही हवा
सोशल मीडिया पर धूमल, नड्डा और जयराम के अलावा राजीव बिंदल और सुरेश भारद्वाज को भी मुख्यमंत्री बनाने के लिए माहौल बनाया जा रहा है। बिंदल और भारद्वाज के समर्थक हालांकि सीधे तौर पर सीएम पद के लिए दावेदारी नहीं ठोक रहे हैं।
लेकिन अपने-अपने नेता के अनुभव और वरिष्ठता का हवाला देती कई पोस्ट सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं। इनके अलावा सोशल मीडिया पर मंडी जिला के कई भाजपाइयों सहित शिक्षक-कर्मचारी पहली बार जिले से मुख्यमंत्री मिलने की बात कर रहे हैं।
दिल और दिमाग की जंग में जीते राणा
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल को हराने वाले राजेंद्र राणा की भी सोशल मीडिया में खूब धूम मची हुई है। एक फेसबुक पोस्ट में कहा गया है कि सुजानपुर में दिल और दिमाग की जंग थी। दिल राजेंद्र राणा की तरफ जा रहा था तो दिमाग नए मुख्यमंत्री धूमल की ओर।
लोगों पर दिल और दिमाग की जंग भारी पड़ी। आखिरकार दिल ने दिमाग को मात दे दी। एक अन्य पोस्ट में धूमल को जननायक बताते हुए प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए अपनी सीट का बलिदान देने वाला बताया है।