HP Politics: जयराम ठाकुर बोले- कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को अनिश्चितता के दौर में लाकर खड़ा किया
पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने हिमाचल प्रदेश को पूरी तरह अनिश्चितता की स्थिति में लाकर खड़ा किया है।
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों के कारण हिमाचल आज अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है। सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए लगातार केंद्र और पूर्व भाजपा सरकार पर दोषारोपण कर रही है, जबकि प्रदेश का आर्थिक ढांचा पूरी तरह चरमरा चुका है। वह शक्तिपीठ ज्वालामुखी में मां ज्वाला का आशीर्वाद लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई सर्वदलीय बैठक में प्रदेश के वित्त सचिव ने स्पष्ट किया है कि हिमाचल आर्थिक संकट से गुजर रहा है। इस कारण सब्सिडी बंद करनी पड़ेगी, कर्मचारियों के वेतन रुक सकते हैं, एरियर फ्रीज होंगे और विकास कार्यों पर भी रोक लग सकती है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य पहले ही ठप पड़े हैं और अब सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं से हाथ खींचने की तैयारी में है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आरडीजी बंद होने का निर्णय केवल हिमाचल के लिए नहीं, बल्कि देश के 17 राज्यों के लिए लिया गया है। इसकी जानकारी सरकार को पहले से थी। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता को गारंटियां प्रदेश सरकार ने दी थीं, केंद्र ने नहीं। इसलिए उन्हें पूरा करना भी राज्य सरकार की ही जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने आगामी विधानसभा सत्र की अनिश्चितता को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इससे पहले पूर्व सीएम ने शनिवार को ज्वालामुखी के धुईं दी वा में आयोजित दंगल मेले में शिरकत की। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा मंडल पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.