इराक में बंधकों को छुड़ाना पीएम की जिम्मेदारी : वीरभद्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इराक में हिमाचल के बंधकों को छुड़वाने की केंद्र से अपील की। सीमए वीरभद्र सिंह ने कहा कि इराक में भारतीय बंधकों को छुड़वाना मोदी सरकार की जिम्मेदारी है। बंधकों को छुड़वाने के लिए तेजी से प्रयास किए जाने चाहिए।
इराक में केवल हिमाचल ही नहीं, बल्कि कई राज्यों के लोग बंधक बनाए गए हैं। बंधकों को छुड़वाने के लिए तेजी से प्रयास किए जाने चाहिए। वे सोलन में शूलिनी मेले के उद्घाटन के दौरान बोल रहे थे।
इससे पूर्व भी वीरभद्र सिंह ने शिमला स्थित राज्य सचिवालय परिसर में कहा कि इराक में फंसे हिमाचलियों को लेकर राज्य सरकार गंभीर है। केंद्रीय विदेश मंत्रालय से कहा गया है कि आवश्यक कदम उठाए जाएं।
चुनाव में हार के लिए सरकार जिम्मेदार नहीं
लोस चुनावों में हार को लेकर कहा कि हार के लिए सरकार को दोषी ठहराना उचित नहीं है। ऐसा कहने वाले महज बकवास कर रहे हैं। कुछ कांग्रेसियों की यह पुरानी आदत है। उन्हें सिर्फ सरकार दोषी दिखाई देती है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश में जहां भी अवैध निर्माण किया गया है, सरकार उस पर सख्त कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा कि सोलन एक सुंदर शहर है। फोरलेन निर्माण में इसका काफी नुकसान होगा। इसलिए शहर को अब अन्य जगहों पर विस्तार करना होगा। सरकार हर संभव सहायता देगी। सोलन में पानी की पुरानी समस्या थी।
इसमें अब सब स्टेशन रोड़ा बना था, जो जल्द ही जनता को समर्पित होगा। इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. धनीराम शांडिल, उपायुक्त सोलन मदन चौहान, एसपी सोलन रमेश छाजटा के अलावा खादी बोर्ड उपाध्यक्ष रमेश चौहान आदि मौजूद रहे।
केंद्र छुड़ाएगा इराक में फंसे युवाओं को : धूमल
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने आतंकी संगठन आईएसआईएस की ओर से इराक में तीन हिमाचलियों सहित 40 भारतीयों को बंदी बनाए जाने की घटना की कड़ी निंदा की है। इस घटना को क्रूरतम बताते हुए प्रो. धूमल ने बंदी भारतीयों और प्रदेशवासियों की सुरक्षा के प्रति गहरी चिंता प्रकट की हैै।
बंदी बनाए गए युवकाें के परिवारों को ढांढस बंधाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भारत सरकार उच्च प्राथमिकता के आधार पर इस मामले को हल करवाने में लगी हुई है। उन्होंने आशा जताई है कि केंद्र सरकार के प्रयासों से बंदी युवकों की जल्द स्वदेश वापसी होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने भी इराक में बंदी बनाए गए हिमाचली युवकों पर गहरी चिंता प्रकट की है।