{"_id":"63062d60b1286d2842738805","slug":"ips-officer-rameshwar-singh-thakur-will-be-the-new-chairman-of-himachal-public-service-commission","type":"story","status":"publish","title_hn":"HPPSC New Chairman: आईजी इंटेलिजेंस रामेश्वर इस दिन लेंगे लोकसेवा आयोग के अध्यक्ष पद की शपथ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
HPPSC New Chairman: आईजी इंटेलिजेंस रामेश्वर इस दिन लेंगे लोकसेवा आयोग के अध्यक्ष पद की शपथ
Thu, 25 Aug 2022 08:22 PM IST
Krishan Singh
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
Published by: Krishan Singh
Updated Thu, 25 Aug 2022 08:22 PM IST
सार
राज्य लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी हो गई है। आईजी इटेलीजेंस रामेश्वर सिंह रामेश्वर सिंह ठाकुर को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
विज्ञापन
आईपीएस रामेश्वर सिंह ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश सरकार में आईजी इंटेलिजेंस के पद पर कार्यरत आईपीएस अधिकारी कैप्टन रामेश्वर सिंह ठाकुर राज्य लोकसेवा आयोग के नए अध्यक्ष होंगे। कार्मिक विभाग ने वीरवार सुबह इनकी नियुक्ति के आदेश जारी किए। शुक्रवार सुबह 9:30 बजे राजभवन में अध्यक्ष और नए सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। सेवानिवृत्त आईएएस राकेश शर्मा, कर्नल (सेवानिवृत्त) राजेश शर्मा और एचपीयू के सेवानिवृत्त प्रो. नयन सिंह का चयन सदस्यों के तौर पर किया गया। पुरानी अधिसूचना में नामित एचपीयू के प्रो. ओपी शर्मा का नाम सदस्यों की सूची से कट गया है। वहीं, डॉ. रचना गुप्ता को अध्यक्ष बनाने की अधिसूचना कार्मिक विभाग ने आठ दिन बाद वापस ली। हालांकि वह आयोग की सदस्य बनी रहेंगी।
विज्ञापन
शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के तहत जुब्बड़हट्टी के निवासी रामेश्वर करीब नौ वर्षों तक प्रधानमंत्री के विशेष सुरक्षा बल में सेवाएं दे चुके हैं। 2016 में इन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक मिल चुका है। 1994 में पुलिस में जाने से पहले वह 1990 में भारतीय सेना से बतौर कैप्टन सेवानिवृत्त हुए थे। वीरवार को अध्यक्ष पद के लिए अधिसूचना जारी होने के बाद उन्होंने समय से पूर्व सेवानिवृत्ति ले ली है। वर्ष 2024 में इन्होंने सेवानिवृत्त होना था। प्रदेश सरकार ने 17 अगस्त को लोकसेवा आयोग की सदस्य डॉ. रचना गुप्ता को अध्यक्ष बनाने की अधिसूचना जारी की थी। इनके साथ तीन सदस्यों के तौर पर राकेश शर्मा, राजेश शर्मा और ओपी शर्मा का चयन किया गया था।
विज्ञापन
राजभवन ने सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के आधार पर 18 अगस्त को सुबह 8:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने के लिए निमंत्रण पत्र बांटे। 17 अगस्त की रात को ही भाजपा हाईकमान और प्रधानमंत्री कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद राजभवन ने शपथ समारोह को टाल दिया। 18 अगस्त को डॉ. रचना गुप्ता ने राज्यपाल को ई मेल से एक पत्र भेजकर व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अध्यक्ष बनने में असमर्थता जताई। इस पत्र पर संज्ञान लेते हुए राज्यपाल ने सरकार को डॉ. रचना गुप्ता की नियुक्ति के आदेश वापस लेने की मंजूरी देते हुए नए अध्यक्ष की नियुक्ति को मंजूरी दी। अब डॉ. रचना गुप्ता सहित आयोग में कुल चार सदस्य होंगे। नवनियुक्त अध्यक्ष और नए सदस्यों की नियुक्ति अधिकतम छह वर्ष या 62 वर्ष की आयु पूरी होने में से जो पहले होगी, उस आधार पर की गई है।
विज्ञापन
आईपीएस अधिकारी रामेश्वर के लिए पुलिस मुख्यालय में विदाई पार्टी
आईपीएस अधिकारी रामेश्वर सिंह ठाकुर को हिमाचल लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने को लेकर गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में विदाई पार्टी का आयोजन किया गया। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने उन्हें अध्यक्ष नियुक्ति करने पर बधाई दी। पुलिस महानिदेशक ने उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अभिषेक त्रिवेदी, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था सतवंत अटवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डीके यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।