एचआरटीसी बस से टकराकर उड़े कार के परखच्चे, एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के ऊना में हुए कार हादसे में चालक की मौत हो गई है। हादसा इतना जोरदार था कि कार के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार यहां उपमंडल के गांव कोटला के पास एचआरटीसी बस और कार की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
हादसे में एक महिला सहित 5 माह का शिशु गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान सरकाघाट निवासी रत्न चंद के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक सरकाघाट निवासी रत्न चंद अपनी बहू नेहा और पोते अयान के साथ होशियारपुर से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान कोटला में हमीरपुर की ओर से आ रही एचआरटीसी बस के साथ कार की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार तीनों लोग बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें फौरन निजी वाहन की मदद से बंगाणा अस्पताल पहुंचाया गया।
लेकिन, अस्पताल में तैनात चिकित्सक ने रत्न चंद को मृत घोषित कर दिया। नेहा और अयान को प्राथमिक उपचार के बाद फौरन क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की ओर से तहसीलदार बंगाणा सरोज कुमारी ने मौके पर पहुंच कर मृतक रत्न चंद के परिजनों को 30 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की।
ट्रक-कार में टक्कर, चालक की मौत
देहरादून-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर कालाअंब के समीप मंगलवार रात ट्रक और कार में जोरदार टक्कर हो गई जिससे कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रात करीब डेढ़ बजे हुआ। मृतक की पहचान हरियाणा राज्य के नारायणगढ़ के काठा माजरा 45 वर्षीय सुखबिंद्र सिंह पुत्र मंगत राम के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार एनएच पर मोगीनंद के समीप ट्रक (एचपी12सी-6671) व डिजायर कार (एचआर70ए-1695) आमने सामने टकरा गए। मृतक नाहन से कालाअंब की ओर जा रहा था।
मोगीनंद में खेड़ा मंदिर के समीप चालक नियंत्रण खो बैठा और कार ट्रक से टकरा गई। जांच अधिकारी शमीम अख्तर ने बताया कि अभी तक हादसे की वजह का पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कालाअंब थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी।