स्कूल भवन पर गिरी बस, गांव में मची अफरा-तफरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्राम पंचायत भलाण-2 के हाई स्कूल भलाण की बिल्डिंग पर एचआरटी की बस अनियंत्रित होकर गिर गई। इसमें चालक को हल्की चोटें आई हैं। मामला हिमाचल के कुल्लू जिले का है। शुक्रवार रात को बस के स्कूल भवन पर गिरने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि बस गिरने से कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन दो मंजिला स्कूल भवन का एक कोना व मिड डे मील की रसोई क्षतिग्रस्त हो गई है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे को लेकर केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, स्कूल भवन पर लुढ़की बस को निकालने का काम शुरू हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार रात करीब आठ बजे उस वक्त पेश आया जब भलाण बस स्टॉप पर बस को मोड़ा जा रहा था, लेकिन तंग जगह होने से बस हाई स्कूल भलाण के भवन पर जा गिरी।
निगम की बस लुढ़कने से गांव में मची अफरा-तफरी
इससे स्कूल भवन का एक कोना व किचन क्षतिग्रस्त है। स्थानीय भलाण-2 पंचायत की प्रधान गीता देवी ने कहा कि हादसा काफी भयानक है, लेकिन इसमें कोई जानमाल का नुकसान नहीं है। सौभाग्य से बस में सवार सभी यात्री उतर चुके थे। उन्होंने कहा कि हादसे से स्कूल भवन को काफी नुकसान हुआ है।
प्रधान ने जिला प्रशासन से क्षतिग्रस्त हुए भवन निर्माण की मांग की है। उधर, आरएम कुल्लू पवन शर्मा ने हादसे के बाद रात को ही मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बस को निकालने के लिए दो क्रेनों का लगाया गया है। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि हादसा कैसे हुआ है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।