HPU Shimla: एचपीयू 10 जुलाई से पहले घोषित करेगा यूजी अंतिम वर्ष का परिणाम, 12 से होंगी पीजी प्रवेश परीक्षाएं
विवि की ओर से प्रदेश भर के 11 कॉलेजों में क्षेत्र के आधार पर स्थापित किए गए मूल्यांकन केंद्रों में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। 7 जून तक इस कार्य को निपटाने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय 10 जुलाई से पहले ही स्नातक डिग्री कोर्स के अंतिम वर्ष के परीक्षा परिणाम घोषित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। विवि की ओर से प्रदेश भर के 11 कॉलेजों में क्षेत्र के आधार पर स्थापित किए गए मूल्यांकन केंद्रों में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। 7 जून तक इस कार्य को निपटाने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इस कार्य को 10 जून तक भी कुछ केंद्रों में जारी रखा जा सकता है। एचपीयू सहित पंजाब व अन्य विश्वविद्यलयों की सत्र 2023 के लिए होने वाली स्नातकोत्तर डिग्री कोर्स की काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू होने से पूर्व विवि यूजी अंतिम वर्ष का परिणाम घोषित करने का दावा कर रहा है।
ऐसा होने पर ही प्रदेश भर के कॉलेजों में अंतिम वर्ष की परीक्षा देने वाले हजारों विद्यार्थी पीजी कोर्स की काउंसलिंग में हिस्सा ले पाएंगे। काउंसलिंग में यूजी अंतिम वर्ष का परिणाम अनिवार्य होता है। इसी के आधार पर विश्वविद्यालय पीजी प्रवेश की मेरिट तैयार करते हैं। राजधानी शिमला में आरकेएमवी, संजौली, कोटशेरा में स्थापित किए गए मूल्यांकन केंद्रों में मूल्यांकन का कार्य अंतिम चरण में है। इसी तर्ज पर प्रदेश भर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में भी मूल्यांकन कार्य समय पर पूरा होने की उम्मीद है। मूल्यांकन कार्य शेष बचा तो 10 जून तक भी प्रक्रिया जारी रह सकती है। विश्वविद्यालय के अंतिम वर्ष के परीक्षा परिणाम के जारी होने पर ही एचपीयू की काउंसलिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ पाएगी। कॉलेजों में 5जून से 29 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा।
12 से 26 जून तक होगी पीजी प्रवेश परीक्षाएं
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की 12 से 26 जून तक प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जाएगी। ओएमआर शीट पर होने वाली इन परीक्षाओं का मूल्यांकन कर विवि जून अंत तक परिणाम निकाल देगा। इसके तुरंत बाद प्रवेश को काउंसलिंग का शेड्यूल तैयार करने के लिए यूजी अंतिम वर्ष के परिणाम की आवश्यकता रहेगी। एचपीयू ने मेरिट आधारित प्रवेश वाले पीजी कोर्स के लिए भी 10जून तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके बाद पिछला रिजल्ट आने पर ही काउंसलिंग संभव हो पाएगी। विवि के अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. बीके वर्मा ने बताया कि परीक्षा नियंत्रक ने 10 जुलाई से पहले यूजी अंतिम वर्ष के परिणाम घोषित करने की बात कही है, उसी के अनुरूप पीजी प्रवेश परीक्षा और उसके परिणाम घोषित करने की तैयारियां की जा रही हैं।