HPU Shimla: प्रो वीसी की मंजूरी पर 31 अगस्त तक बढ़ी पीजी में प्रवेश की तिथि
प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातकोत्तर डिग्री कोर्स की खाली सीटों को भरने के लिए प्रति कुलपति की विशेष मंजूरी के बाद प्रवेश की समय सीमा 31 अगस्त तक बढ़ा दी है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातकोत्तर डिग्री कोर्स की खाली सीटों को भरने के लिए प्रति कुलपति की विशेष मंजूरी के बाद प्रवेश की समय सीमा 31 अगस्त तक बढ़ा दी है। पीजी कोर्स में 16 अगस्त को प्रवेश प्रक्रिया समाप्त होने के बाद विभागों में कक्षाएं शुरू होने का क्रम भी शुरू हो गया है। विवि के अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. बीके शिवराम ने बताया कि जिन विभागों में पीजी कोर्स की सीटें खाली हैं, उन सीटों के लिए छात्र प्रति कुलपति की विशेष स्वीकृति के बाद ही प्रवेश ले पाएंगे। अब विशेष अनुमति लेकर आने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या कम ही रहेगी।
इसके लिए छात्र को देरी से प्रवेश लेने के लिए ठोस वजह देनी होगी, कोर्स में प्रवेश की पात्रता शर्तों और प्रक्रिया में कोई बदलाव या छूट नहीं दी गई है। विवि के विभागों ने हालांकि पीजी के प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं शुरू कर दी हैं, मगर प्रदेश भर में भारी बरसात से बने मुश्किल हालात और टूटी और अवरुद्ध सड़कों के कारण प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी विवि नहीं पहुंच पा रहे हैं। वहीं, विवि की पीजी की सेमेस्टर परीक्षाओं के बीच में स्थगित किए जाने के बाद पुन: शुरू होने के कारण पुराने छात्र दूसरे, तीसरे, चौथे, पांचवें और छठे सेमेस्टर की परीक्षाओं में भी व्यस्त हैं। कक्षाओं में छात्रों की कम संख्या की यह भी एक मुख्य वजह है।
25 से 29 अगस्त तक होंगी पीजी के लिए काउंसलिंग
वहीं, सरदार पटेल यूनिवर्सिटी (एसपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2023 के लिए पीजी के विभिन्न विषयों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह प्रक्रिया 25 से 29 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। विवि की ओर से सभी कोर्स के लिए आवेदन करने वाले छात्र छात्राओं से आग्रह किया गया है कि वह इन तिथियों को जिस विषय के लिए आवेदन किया गया है, उस दिन समय पर पहुंचें। शेड्यूल के मुताबिक एमएससी फिजिक्स, एमए हिस्ट्री, एमबीए की काउंसलिंग 25 अगस्त को होगी। एमएससी केमिस्ट्री, एमएससी एन्वायरमेंटल साइंस की काउंसलिंग 28, एमएससी इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री, एमसीए, एमएससी बॉटनी, एमएससी जूलॉजी की काउंसलिंग 29 अगस्त को होगी। यूनिवर्सिटी की प्रो. वाइस चांसलर प्रो. अनुपमा सिंह ने यह जानकारी दी।
बीएएमएस रेगुलर, सप्लीमेंटरी परीक्षा का शेड्यूल जारी
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने बीएएमएस के प्रथम प्रोफेशनल बैच की वार्षिक और बीएएमएस बैच की सप्लीमेंटरी परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। शेड्यूल विवि की वेबसाइट पर अपलोड है। ये परीक्षाएं 24 अगस्त से शुरू होंगी और 30 अगस्त तक संचालित की जाएगी।
11 सितंबर को होगी आचार्य ज्योतिष की लिखित परीक्षा
राज्य लोकसेवा आयोग ने प्राकृतिक आपदा के चलते रदद की गई भर्ती परीक्षाओं का नया शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत उच्च शिक्षा विभाग के तहत नियुक्त किए जाने वाले आचार्य ज्योतिष की लिखित परीक्षा 11 सितंबर को सुबह 11 से एक बजे तक होगी। अनुसंधान सहायकों, जिला भाषा अधिकारी की परीक्षा 12 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक होगी। प्रदेश न्यायिक सेवा की संयुक्त मुख्य परीक्षा 2023 का आयोजन 18 से 22 सितंबर तक होगा।
सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक परीक्षा होगी। प्रदेश फाइनेंस एंड अकाउंट सेवा की मुख्य परीक्षा 26 से 28 सितंबर तक सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक होगा। जल शक्ति विभाग में सहायक अभियंता की भर्ती परीक्षा आठ अक्तूबर को सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक होगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में मेडिकल आफिसर डेंटल की भर्ती परीक्षा आठ अक्तूबर को दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी।