पीएम नरेंद्र मोदी की रैली के चलते टलीं तकनीकी विवि की परीक्षाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन आभार रैली के चलते 27 दिसंबर को होने वाली वार्षिक परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। अब ये परीक्षाएं जनवरी की 4 और 9 तारीख को होंगी।
विवि ने एमबीए और एमसीए दो विभागों की परीक्षाएं रद्द की हैं। इस संदर्भ में एक हफ्ता पूर्व ही अधिसूचना भी जारी कर दी है। इससे वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी में जुटे विद्यार्थियों को परेशानी हुई है।
तकनीकी विवि हमीरपुर ने बीते माह वार्षिक परीक्षाओं का शेडयूल जारी किया था। निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक 27 दिसंबर को सुबह के सत्र में एमबीए द्वितीय सेमेस्टर री-अपीयर की कम्युनिकेशन एंड मार्केटिंग स्किल्स और एमसीए प्रथम सेमेस्टर रेगुलर बिजनेस कम्युनिकेशन की परीक्षाएं थीं।
धर्मशाला महाविद्यालय में चल रहे दोनों विभाग
इसमें महत्वपूर्ण बात यह है कि एमबीए और एमसीए दोनों विभाग राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में चल रहे हैं। प्रदेश सरकार अपने एक वर्ष का जश्न धर्मशाला में मना रही है। धर्मशाला में इस जन आभार रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं।
साथ ही प्रदेश के सभी विधायकों और पूर्व विधायकों के अलावा मंत्रियों को इसमें बुलाया गया है। धर्मशाला में भारी भीड़ और सैकड़ों बसों के रैली में बुक होने के चलते पेश आने वाली दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए तकनीकी विवि ने 27 दिसंबर को होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर जनवरी माह में करवाने का निर्णय लिया है।
उधर, हिप्र तकनीकी विवि के डीन अकादमिक डॉ. कुलभूषण चंदेल और सहायक रजिस्ट्रार संजीवन मनकोटिया ने कहा कि प्रशासनिक कारणों से 27 दिसंबर को होने वाली एमबीए और एमसीए की परीक्षाओं को अब जनवरी माह में करवाया जाएगा।