मंत्री से बहस करना पड़ा महंगा, अफसर से वापस लिया गया महकमा
अपने विभाग के मंत्री जीएस बाली से बहस प्रधान सचिव आरडी धीमान को महंगी पड़ गई। छुट्टी के दिन शनिवार को राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी कर प्रधान सचिव आरडी धीमान से खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति महकमा वापस ले लिया।
यह महकमा अब सचिव अनुराधा ठाकुर को दिया गया है। बीते शुक्रवार को मंत्रिमंडल की बैठक में सरसों तेल के टेंडर को लेकर परिवहन एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली और आरडी धीमान में तीखी बहस हुई थी।
हालांकि, मुख्य सचिव वीसी फारका ने बताया कि आरडी धीमान के पास शिक्षा समेत कई बड़े महकमों का काम था, इसलिए उनसे यह विभाग वापस लिया गया है। सूत्र बताते हैं कि मंत्रिमंडल की बैठक में बाली का कहना था कि सरसों तेल मामले में दोबारा टेंडर की जरूरत नहीं थी।
धीमान पर भड़क गए थे बाली
बाली का कहना था कि इससे जनता को लाभ के बजाय ज्यादा दाम देने होंगे। वहीं, धीमान अब तक हुई टेंडर प्रक्रिया पर स्थिति स्पष्ट कर रहे थे। धीमान के स्पष्टीकरण से बाली भड़क गए। बावजूद इसके धीमान अपनी बात कहते रहे।
इससे दोनों में बहसबाजी हो गई। उल्लेखनीय है कि बाली प्रधान सचिव से नाराज चल रहे थे जबकि धीमान के पास शिक्षा, उद्योग, श्रम जैसे कई महकमे हैं। लिहाजा, धीमान भी खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति महकमे से पीछा छुड़ाना चाह रहे थे।