{"_id":"62975d2e57d5641d470b0d9e","slug":"hp-constable-paper-leak-case-big-success-for-sit-five-accused-including-mastermind-arrested","type":"story","status":"publish","title_hn":"HP Constable Paper leak case: एसआईटी को मिली बड़ी सफलता, मामले में मास्टर माइंड अरविंद समेत पांच आरोपी गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
HP Constable Paper leak case: एसआईटी को मिली बड़ी सफलता, मामले में मास्टर माइंड अरविंद समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
Wed, 01 Jun 2022 10:22 PM IST
Krishan Singh
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
Published by: Krishan Singh
Updated Wed, 01 Jun 2022 10:22 PM IST
सार
एसआईटी ने पेपर लीक के मास्टरमाइंड समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंडी जिले में बनी पुलिस की एसआईटी ने पांचों आरोपियों को मंडी जिला कोर्ट में पेश किया, जहां से इन्हें 14 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
विज्ञापन
कांस्टेबल पेपर लीक का मास्टर माइंड अरविंद।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा के पेपर लीक मामले का मास्टर माइंड बिहार का रहने वाला अरविंद कुमार निकला। इस सारे प्रकरण की योजना अरविंद ने ही बनाई थी। पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने मुख्य आरोपी अरविंद समेत पांच आरोपियों को एक-दो दिन के भीतर गिरफ्तार किया है। सभी बिहार के रहने वाले हैं। डीजीपी संजय कुंडू ने बताया कि प्रिंटिंग प्रेस के अंशकालिक कामगार सुधीर यादव ने यह पेपर लीक कराया था। उसने यह पेपर बिहार निवासी दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड गोरे लाल के माध्यम से गौतम कुमार को दिया।
विज्ञापन
इन चारों आरोपियों के बीच सुबोध कुमार ने बिचौलिये की भूमिका निभाई। इसके बाद पेपर एजेंटों को वितरित किया गया। एजेंटों ने आगे अभ्यर्थियों को पेपर रटाने के लिए दिया। डीजीपी ने कहा कि मामले की कड़ियां जुड़ने लगी हैं, इससे अब जांच सही दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद बन गई है। मंडी जिले में बनी पुलिस की एसआईटी ने पांचों आरोपियों को मंडी जिला कोर्ट में पेश किया, जहां से इन्हें 14 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एसआईटी का मानना है कि इन पांचों ने ही प्रश्नपत्र लीक करवाने में मुख्य भूमिका निभाई। प्रिंटिंग प्रेस से सुधीर यादव ने यह पेपर मार्च में लीक किया था।
विज्ञापन
इस मामले में अब तक हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों से 121 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 85 अभ्यर्थी, तीन अभ्यर्थियों के माता-पिता, हिमाचल के 18 और बाहरी राज्यों के 15 एजेंट शामिल हैं। मामले में बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली और हिमाचल के गिरोह शामिल हैं। गौर हो कि कांस्टेबलों के 1,334 पदों की भर्ती के लिए 27 मार्च को लिखित परीक्षा हुई थी। 5 अप्रैल को परिणाम घोषित हुआ। सबसे पहले अमर उजाला में पेपर लीक होने की खबर प्रकाशित होने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने परीक्षा रद्द कर दी थी। सीएम ने मामला सीबीआई को सौंपने की बात कही है।
विज्ञापन
रोहतक का भास्कर कोचिंग सेंटर जांच की जद में
रोहतक का भास्कर कोचिंग सेंटर ऊना पुलिस की जांच की जद में है। इसके अलावा जिला कांगड़ा के दो कोचिंग सेंटरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को सुबूत मिले हैं कि इन सेंटरों की भी मामले में संलिप्तता हो सकती है।