दो मंजिला मकान राख, 18 लोगों ने भागकर बचाई जान
चौहारघाटी की बरोट पंचायत के कहोग गांव में मंगलवार देर रात अग्निकांड में दो मंजिला मकान राख हो गया। अग्निकांड से तीन परिवारों के डेढ़ दर्जन सदस्यों के सिर से छत छिन गई है। समय रहते आग का पता चलने से परिवार के सदस्य बाहर निकल गए। घटना में करीब बारह लाख रुपये नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सकता है।
प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। देर रात गांव के राम कृष्ण, जयराम और पदम के दो मंजिला मकान में आग भड़क गई। घर के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान घर के किसी सदस्य की आंख खुली और उसने शोर मचाया। इस पर परिवार के अन्य सदस्य भी जागे और बाहर की ओर दौड़े।
ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू करने का प्रयास किया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आग में सब कुछ राख हो गया। प्रभावितों के तन पर सिर्फ कपड़े ही बचे हैं। नए साल की खुशियां पल भर में दुख में तबदील हो गई। तीन परिवारों के सदस्य कड़ाके की ठंड में रात गुजारने को मजबूर हो गए हैं। घटना में घर के अंदर रखा सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया है।
रात को घटनास्थल पर पहुंचीं टीमें
आग की घटना का पता लगते ही प्रशासन की टीम रात को मौके पर पहुंच गई। इनमें क्षेत्रीय कानूनगो पलसी राम, हलका पटवारी हीरा लाल, देश राज, दिनेश और उमेश रात को ही घटना स्थल के लिए रवाना हुए।
फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचने से पहले सब राख
जोगिंद्रनगर से फायर ब्रिग्रेड की टीम और पधर पुलिस का दल भी मौके पर पहुंचा। फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने से पहले ही सब कुछ जलकर राख हो गया था।
दस-दस हजार और एक-एक तिरपाल दिया
नायब तहसीलदार ज्ञान चंद ठाकुर ने बताया कि करीब 12 लाख के नुकसान की आशंका है। प्रभावित परिवारों को प्रशासन की तरफ से 10-10 हजार रुपये की फौरी राहत और एक-एक तिरपाल दिया गया है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। उपमंडलीय पुलिस अधीक्षक मदनकांत ने कहा कि मामला दर्ज कर घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।