हिमखंड गिरने से डेढ़ दर्जन मकान बर्फ में दफन, लोगों ने ऐसे बचाई जान
हिमाचल के पर्वतीय इलाकों में हिमखंड गिरने का सिलसिला जारी है। शनिवार को जनजातीय क्षेत्र पांगी की सुराल पंचायत के ताई गांव और लाहौल में हिमखंड गिरने से करीब डेढ़ दर्जन घरों को क्षति पहुंची है।
गनीमत यह रही कि बर्फ की इस सुनामी में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन लोगों में दहशत का माहौल है। पांगी के ताई गांव में तो हिमखंड घरों से ऊपर से निकल गया। इसका पता घरों के अंदर बैठे लोगों को तब चला, जब हिमखंड गिरने से उनके घर हिलने लगे।
दर्जन से ज्यादा घरों की छतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है। घर बर्फ में दब गए। कड़ी मशक्कत के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकले।
घरों से बाहर निकलने के बाद उन्हें गांव में बर्फ की सुनामी के बाद का नजारा नजर आया। गांव में जहां पहले चार फीट बर्फ थी, वहीं हिमखंड गिरने से बर्फ के ऊंचे टीले बन गए थे।
हिमखंड खिसकने से तीन कच्चे मकान बर्फ में दबे
पंचायत प्रधान नीमा ठाकुर ने बताया कि हिमखंड गिरने की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। जिलाधीश चंबा हरीकेश मीणा ने बताया कि उन्हें पांगी में हिमखंड गिरने की मिली है।
पांगी प्रशासन से नुकसान की रिपोर्ट मांगी है। प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद की जाएगी। उधर लाहौल घाटी में चंद्रा वैली के थांगथांग में हिमखंड खिसकने से तीन कच्चे मकान बर्फ में दब गए।
एसडीएम सुभाष गौतम ने बताया कि सिस्सू से पुलिस रेडियो मैसेज के जरिये घटना की जानकारी मिली है। बिलिंग नाला में भी हिमखंड गिरने की प्रशासन को सूचना मिली है। घाटी के कई हिस्सों में हिमखंड गिरने की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया है।
मनाली, डलहौजी, कुफरी में ताजा बर्फबारी
पर्यटन नगरी मनाली सहित, कुफरी, डलहौजी, रोहतांग और लाहौल में शनिवार सुबह तक बर्फबारी का दौर जारी रहा। किन्नौर, चंबा और मंडी जिला के सिराज व नाचन क्षेत्र के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 19 और 20 फरवरी को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। रविवार को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है।
शनिवार को राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्र में मौसम साफ रहा। लाहौल में फंसे मरीजों और लोगों को एयरलिफ्ट करने के लिए निजी हेलीकाप्टर से दो उड़ानें भी हुईं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार कोठी में 30, डलहौजी में 24, केलांग में 9, खदराला में 8, कुफरी में 7, कल्पा में 7, पूह में चार, मनाली में तीन, रोहतांग में 30, सोलंगनाला में 10 सेंटीमीटर बर्फ रिकॉर्ड की गई। ब्यूरो
विभिन्न शहरों में ये रहा न्यूनतम तापमान
केलांग - 12.8
कल्पा - 5.6
मनाली - 1.8
कुफरी - 1.5
शिमला 2.9
धर्मशाला 3.6