Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   himachal-pradesh-assembly-winter-session-dharamshala-414-questions-2026

हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से: तपोवन में गूंजेंगे जनहित के मुद्दे, 414 सवालों पर होगी चर्चा

Mon, 16 Nov 2026 04:00 AM IST
Ankesh Dogra अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला। Published by: Ankesh Dogra Updated Mon, 16 Nov 2026 04:00 AM IST
सार

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का 13वां शीतकालीन सत्र सोमवार दोपहर दो बजे धर्मशाला के तपोवन में शुरू होगा। छह बैठकों वाले इस सत्र के लिए विधायकों की ओर से कुल 414 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, रिक्त पदों और नशे की रोकथाम जैसे मुद्दे सदन में प्रमुखता से उठेंगे।

विज्ञापन
himachal-pradesh-assembly-winter-session-dharamshala-414-questions-2026
हिमाचल विधानसभा का शीत सत्र आज से होगा शुरू - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का 13वां शीतकालीन सत्र सोमवार से धर्मशाला के तपोवन में शुरू होने जा रहा है। दोपहर दो बजे शुरू होने वाले इस सत्र में प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों पर चर्चा होगी। सत्र के दौरान कुल छह बैठकें आयोजित की जाएंगी। पहले दिन सदन में पूर्व विधायकों स्वर्गीय नंदलाल और मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर शोकोद्गार व्यक्त किए जाएंगे। इसके बाद प्रश्नकाल होगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रविवार को विधानसभा परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सत्र की तैयारियों और कार्यसूची से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सदस्यों की ओर से कुल 414 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें 291 तारांकित और 123 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं।

विज्ञापन
Trending Videos

414 प्रश्नों के जरिए सरकार से मांगा जाएगा जवाब
विधानसभा अध्यक्ष के अनुसार, सदस्यों की ओर से नियम 62 के तहत 13, नियम 63 के तहत तीन, नियम 101 के तहत तीन और नियम 130 के तहत नौ सूचनाएं भी प्राप्त हुई हैं। सदस्यों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के साथ प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रश्नों के माध्यम से उठाया है। इनमें सड़कों और पुलों के निर्माण, स्वीकृत सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR), स्कूलों और कॉलेजों की स्थिति तथा स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन से संबंधित मामले शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों में खाली पदों को भरने, पर्यटन विकास, बागवानी, पेयजल आपूर्ति, परिवहन व्यवस्था और बढ़ते आपराधिक मामलों को लेकर भी सवाल पूछे जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

नशे की रोकथाम और खाली पदों का मुद्दा भी उठेगा
प्रदेश में युवाओं के बीच बढ़ते नशे की समस्या और इसकी रोकथाम को लेकर भी विधायकों ने सवाल लगाए हैं। इसके साथ ही कानून व्यवस्था, आपराधिक घटनाओं और सरकारी विभागों में कर्मचारियों की कमी से जुड़े विषय भी सदन में चर्चा का हिस्सा बनेंगे। शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों को बेहतर बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल निर्माण तथा पेयजल योजनाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
विज्ञापन

19 नवंबर को गैरसरकारी सदस्य कार्य दिवस
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि 19 नवंबर को गैरसरकारी सदस्य कार्य दिवस निर्धारित किया गया है। इसके तहत विधायक प्रदेश हित में नीति निर्माण और विभिन्न व्यवस्थाओं में बदलाव से संबंधित प्रस्ताव नियम 101 के अंतर्गत सदन में ला सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बजट सत्र में 16 और मानसून सत्र में 10 बैठकें आयोजित हुई थीं। वर्तमान शीतकालीन सत्र की छह बैठकों के बाद इस वर्ष विधानसभा की कुल 32 बैठकें पूरी हो जाएंगी।

सत्र से पहले सत्तापक्ष और विपक्ष की बैठक
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सोमवार को सत्र शुरू होने से पहले दोपहर साढ़े 12 बजे सत्तापक्ष और विपक्ष के प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई गई है। इसमें संसदीय कार्य मंत्री, नेता प्रतिपक्ष, उपमुख्य सचेतक और भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक शामिल होंगे। उन्होंने दोनों पक्षों से सदन की कार्यवाही के सुचारू संचालन में सहयोग करने का आग्रह किया।

विधानसभा के पास बनेगा बड़ा कन्वेंशन सेंटर, सात हेक्टेयर जमीन चिह्नित
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि तपोवन विधानसभा परिसर के समीप एक बड़े कन्वेंशन सेंटर के निर्माण की योजना है। इसके लिए सात हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है। प्रस्तावित परियोजना में अन्य सुविधाओं के साथ एक बड़ा होटल भी बनाया जाएगा। इससे विधानसभा सत्र के दौरान आने वाले जनप्रतिनिधियों को ठहरने की सुविधा मिल सकेगी। इस कन्वेंशन सेंटर को लीज पर देने की योजना है। अध्यक्ष के अनुसार, इससे धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।

विधानसभा परिसर में मीडिया कवरेज के लिए तय होंगे स्थान
विधानसभा अध्यक्ष ने मीडिया कवरेज को लेकर भी दिशा-निर्देश साझा किए। उन्होंने बताया कि विधानसभा परिसर में केवल विधायकों और मंत्रियों के ही साक्षात्कार या मीडिया बाइट लिए जा सकेंगे। किसी अन्य बाहरी व्यक्ति या आम नागरिक का साक्षात्कार लेने पर रोक रहेगी। मीडिया को बातचीत के लिए निर्धारित मीडिया स्टैंड या सदन के बाहर तय स्थान का ही इस्तेमाल करना होगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल विधानसभा की कार्यवाही का प्रसारण यूट्यूब पर देखने की सुविधा उपलब्ध है।

सुबह 11 बजे होगी भाजपा विधायक दल की बैठक
शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले भाजपा विधायक दल की बैठक सोमवार सुबह 11 बजे धर्मशाला में होगी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात और विधानसभा सत्र में उठाए जाने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद पार्टी के विधायक विधानसभा सत्र में अपनी रणनीति के साथ सदन में पहुंचेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed