Shimla: हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में संजाैली में निकाली बांग्लादेश सरकार की शव यात्रा
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में शनिवार को स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने बांग्लादेश सरकार की शवयात्रा निकाली। इस दौरान केंद्र सरकार से बांग्लादेश में हिंदू संगठनों पर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की गई। विरोध स्वरूप यह शवयात्रा ढली टनल से बाजार होते हुए संजौली चौक पर पहुंची और यहां पर शव जलाकर गुस्सा जाहिर किया गया। प्रदर्शन को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। स्थानीय पुलिस के अलावा रिजर्व बटालियन को सुरक्षा की दृष्टिगत तैनात किया गया था। शनिवार को 5:00 बजे के करीब लोग ढली टनल के समीप एकत्रित हुए और इसके बाद नारेबाजी करते हुए शवयात्रा को बाजार से होते हुए संजौली चौक पर निकाला गया।
इस दौरान संजौली चौक पर बांग्लादेश में हो रही घटनाओं के खिलाफ शव जलाकर विरोध प्रकट किया गया। इस दौरान लोगों ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर देवभूमि संघर्ष समिति के सह संयोजक विजय शर्मा ने कहा कि पिछले कई महीनों से बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है। यह पूरे विश्व के लिए शर्मसार करने वाली घटना है। इस मामले में केंद्र सरकार के साथ ही यूएनओ को भी हस्तक्षेप करना चाहिए। उन्होंने कहा कि साजिश के तहत बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ अत्याचार हो रहा है तो वहीं मंदिरों को भी निशाना बनाया जा रहा है। इस दौरान प्रदर्शन में स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। विजय शर्मा ने कहा कि इस मामले में मानवाधिकार से जुड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने भी चुप्पी साधी हुई है, जोकि शर्मनाक है।