हरियाणा में बांध के लिए हिमाचल देगा जमीन, यहां जानिए पूरा मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में सरस्वती नदी को पुनर्जीवित करने के लिए बांध बनाने की तैयारी है। इसके लिए हिमाचल अपनी भूमि देगा। सिरमौर सीमा पर आदिबद्री में बांध का निर्माण होना प्रस्तावित है। इस मामले में दोनों राज्यों हिमाचल और हरियाणा के मुख्य सचिवों के बीच मंगलवार को शिमला में बैठक हुई।
बांध निर्माण से लेकर प्रभावित क्षेत्र के विकास को सड़क, पुल आदि निर्माण योजनाओं पर जो भी खर्च होगा, उसे हरियाणा सरकार वहन करेगी। सहमति के बाद जल्द दोनों राज्यों के बीच परियोजना निर्माण से जुड़ी विभिन्न शर्तों को लेकर एमओयू हस्ताक्षरित होगा।
बैठक के दौरान हिमाचल ने हरियाणा से जुड़े क्षेत्र में हाईवे, रेल परियोजना और भूमि से संबंधित विवादों को प्राथमिकता से सुलझाने की मांग रखी, जिस पर हरियाणा ने सहमति जताई है।
बांध स्थल में इतना क्षेत्र हिमाचल का
हिमाचल के मुख्य सचिव विनीत चौधरी और हरियाणा के मुख्य सचिव दीपेंद्र सिंह ढेसी के बीच प्रस्तावित बांध निर्माण से संबंधित मसलों को लेकर बैठक हुई। हिमाचल सीमा के साथ लगते सिरमौर जिले के आदिबद्री क्षेत्र में प्रस्तावित बांध स्थल में 77 हेक्टेयर डूबा क्षेत्र हिमाचल का आता है, जबकि 11 हेक्टेयर हरियाणा का है।
बांध बनने से हिमाचल की लगभग तीन हजार की आबादी प्रभावित होगी, जिनके चारागाह स्थल डूब क्षेत्र में आएंगे। स्थानीय लोगों की मांग के अनुरूप हिमाचल ने क्षेत्र में बांध बनने के बाद आने वाली दिक्कतों के समाधान की बात रखी।
मुख्य सचिव स्तर की द्विपक्षीय वार्ता में बनी सहमति के बाद दोनों सरकारों के बीच अब एमओयू होगा। बताया जा रहा है कि करार के तहत 25 से 30 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रभावित क्षेत्र में हरियाणा सरकार को करने होंगे।
लटके हाईवे और रेलवे प्रोजेक्ट होंगे तेज
बैठक में हिमाचल के मुख्य सचिव विनीत चौधरी ने दोनों राज्यों के बीच सीमावर्ती विवाद के चलते लटके हाईवे और रेल प्रोजेक्ट पूरा करने में सहयोग मांगा है। बद्दी रेल परियोजना के लिए भूमि हस्तांतरण से होने वाली देरी बड़ा मुद्दा है।
हिमाचल ने रेल परियोजना के शीघ्र निर्माण के लिए हरियाणा को औपचारिकताएं जल्द पूरी करने को कहा है, जिस पर हरियाणा सरकार ने सहमति जताई है। कालका-परवाणू हाईवे के विस्तार में आ रही दिक्कतों को हरियाणा ने जल्द हल करने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्र मामलों पर परस्पर सहयोग की बात हुई है।