Himachal Weather: लाहौल की चोटियों पर गिरे बर्फ के फाहे, जानिए आगामी छह दिनों में कैसा रहेगा माैसम
सोमवार सुबह से राजधानी शिमला व अन्य भागों में बादल छाए रहे। लाहाैल की चोटियों पर रुक-रुककर बर्फ के फाहे गिरते रहे।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में माैसम फिर बिगड़ गया है। सोमवार सुबह से राजधानी शिमला व अन्य भागों में बादल छाए रहे। लाहाैल की चोटियों पर रुक-रुककर बर्फ के फाहे गिरते रहे। विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से माैसम में यह बदलाव आया है। सोमवार को रोहतांग दर्रा के साथ कुंजम दर्रा, शिंकुला दर्रा के अलावा ऊंचे पहाड़ों में रुक-रुक फाहे गिरते रहे। सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक ठंडा इलाका लाहौल-स्पीति का ताबो रहा। जहां न्यूनतम तापमान माइनस 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान पांवटा साहिब में 11 डिग्री दर्ज किया गया।
कहां कितना न्यूनतम पारा
ताबो -9.9
कुकुमसेरी -9.4
कल्पा 0.4
मनाली 2.9
सोलन 4.5
धर्मशाला 5.5
शिमला 6.6
भुंतर 5.7
कसौली 8.3
पांवटा 11.0
15 फरवरी पर ऐसा रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से 10 फरवरी को प्रदेश के कई भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है। इसके साथ ही ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन व सिरमाैर को छोड़कर अन्य जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने व गरज के साथ बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 11 से 13 फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। 14 और 15 फरवरी को ऊंचाई वाले एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
सोलंगनाला और अटल टनल में उमड़े सैलानी, बर्फ में कीं अठखेलियां
पर्यटन नगरी पर्यटकों की आवाजाही से गुलजार हो गई है। मनाली के सभी पर्यटन स्थलों में रौनक बढ़ गई है। अटल टनल के नाॅर्थ और साउथ पोर्टल, धुंधी और सोलंगनाला आजकल पर्यटकों के लिए स्नो प्वाइंट बन गए हैं। सोलंगनाला स्की ढलान में पर्यटक शीतकालीन खेलों का जमकर लुत्फ ले रहे हैं। सोमवार को साधारण वाहन सोलंगनाला तक भेजे गए। वाहन ज्यादा होने और पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां पर ट्रैफिक जाम भी लग रहा है। हालांकि, कई पर्यटक फोर बाई फोर वाहनों मे अटल टनल तक पहुंचे। जहां पर पर्यटकों ने बर्फ के बीच खूब मस्ती की। इस मार्ग पर वाहनों का जमावड़ा लगने से जाम की स्थिति भी बनी।