मैदानों में लू चलने से घरों से निकलना हुआ मुश्किल, पहाड़ों में भी छूटे पसीने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में मई की गर्मी ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। सोमवार को मैदानी जिलों में लू ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। पहाड़ी क्षेत्रों में भी चढ़ते पारे से पसीना छूटना शुरू हो गया है। सोमवार को राजधानी शिमला सहित पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में सामान्य से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कर्फ्यू में मिली छूट के बावजूद बहुत कम लोग खरीदारी करने बाजारों में पहुंच रहे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। बुधवार से प्रदेश के कई क्षेत्रों में बादल बरसने के आसार है। 28 और 29 मई को मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कई क्षेत्रों में बारिश और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
पूरे प्रदेश में 31 मई तक मौसम खराब बना रहने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में आ रहे इस बदलाव से प्रदेश में गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार भी जताए गए हैं। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 42.3, बिलासपुर में 40.0, हमीरपुर में 39.8, सुंदरनगर में 38.4, कांगड़ा में 37.5, नाहन में 37.3, भुंतर में 35.8, चंबा में 35.9, सोलन में 35.5, धर्मशाला में 31.8, शिमला में 28.1, डलहौजी में 23.2, कल्पा में 24.4 और केलांग में 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
न्यूनतम तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी
प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। रविवार रात को नाहन में न्यूनतम तापमान प्रदेश में सबसे अधिक 24.1 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा बिलासपुर में 22.0, हमीरपुर में 21.8, ऊना में 21.0, कांगड़ा में 19.8, पालमपुर में 18.0, शिमला-मंडी में 17.2, डलहौजी में 17.9, धर्मशाला में 16.8, सोलन में 16.6 कल्पा में 8.3, मनाली में 9.8 और केलांग में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।