प्रदेश में अप्रैल माह में सामान्य से 32 फीसदी ज्यादा बरसे बादल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अप्रैल के शुरुआती दो सप्ताह में ही इस साल सामान्य से 32 फीसदी ज्यादा बादल बरस गए हैं। बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर, सोलन और ऊना में एक से 12 अप्रैल तक भारी बारिश रिकार्ड की गई। दो हफ्तों के दौरान प्रदेश में कुल 36.2 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई। किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर शेष दस जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक अप्रैल में अभी तक बिलासपुर में सामान्य से 264 फीसदी अधिक, हमीरपुर में 466 फीसदी, सिरमौर में 394 फीसदी, ऊना में 260 फीसदी, सोलन में 304 फीसदी, चंबा में 169 फीसदी, मंडी में 167 फीसदी, कांगड़ा में 100 फीसदी, कुल्लू में 32 फीसदी, शिमला में सामान्य से 73 फीसदी अधिक बारिश रिकार्ड की गई, जबकि लाहौल-स्पीति में सामान्य से 44 फीसदी और किन्नौर में सामान्य से 43 फीसदी कम बारिश रिकार्ड हुई।
मौसम विभाग ने 16 अप्रैल से दोबारा बारिश होने के आसार जताए हैं। उधर, प्रदेश में मार्च महीने में सामान्य से 100 फीसदी कम बारिश रिकार्ड हुई। जनवरी और फरवरी में सामान्य से 72 फीसदी कम बारिश हुई। इस दौरान 54.9 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई, जबकि सामान्य बारिश 195.5 मिलीमीटर मानी गई है।
रोहतांग में फिर बर्फबारी, 15 तक साफ रहेगा मौसम
हिमाचल में आज से मौसम होगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 13 से 15 अप्रैल तक मौसम साफ रहने के आसार जताए हैं। 16 से 18 अप्रैल तक दोबारा बारिश होने का पूर्वानुमान है। उधर, वीरवार को रोहतांग टॉप पर सात सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी रिकार्ड हुई, जबकि निचले इलाकों में बारिश का दौर जारी रहा।
कुल्लू और लाहौल घाटी की ऊंची चोटियों में भी बर्फबारी हुई है। ताजा बर्फबारी और बारिश से घाटी में ठंड बढ़ गई है। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में वीरवार को मौसम साफ रहा।
शिमला में हल्के बादल छाए रहने के साथ-साथ धूप खिली। वीरवार को शिमला में अधिकतम तापमान 19.0, ऊना में 33.8, नाहन में 27.3, सोलन में 23.5, कांगड़ा में 28.5, बिलासपुर में 27.3, हमीरपुर में 26.3, चंबा में 22.3, सुंदर नगर में 28.2, भुंतर में 27.0, धर्मशाला में 23.4, कल्पा में 13.8 और डलहौजी में 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।