फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Himachal: To facilitate public interaction, the Chief Minister launched a digital gate pass system.

Himachal: सीएम और अधिकारियों से मिलने के लिए अब ऑनलाइन बनेगा गेट पास, मोबाइल पर मिलेगी एंट्री

Fri, 08 May 2026 05:21 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला। Published by: Krishan Singh Updated Fri, 08 May 2026 05:21 PM IST
सार

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को राज्य सचिवालय में डिजिटल गेट पास प्रणाली और यूनिफाइड डिजिटल कैलेंडर एंड अपॉइंटमेंट मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ किया। 

विज्ञापन
Himachal: To facilitate public interaction, the Chief Minister launched a digital gate pass system.
मुख्यमंत्री ने डिजिटल गेट पास प्रणाली का किया शुभारंभ। - फोटो : संवाद

विस्तार

हिमाचल प्रदेश सचिवालय में अब मुख्यमंत्री और अधिकारियों से मिलने की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को राज्य सचिवालय में डिजिटल गेट पास प्रणाली और यूनिफाइड डिजिटल कैलेंडर एंड अपॉइंटमेंट मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ किया। नई व्यवस्था के तहत अब सचिवालय आने वाले लोगों को ऑनलाइन डिजिटल गेट पास मिलेगा, जिसे मोबाइल पर डाउनलोड किया जा सकेगा। इससे कागजी प्रक्रिया समाप्त होने के साथ प्रवेश व्यवस्था अधिक पारदर्शी और तेज होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म जनता और सरकार के बीच डिजिटल सेतु का कार्य करेगा। इससे मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच और मुलाकात की प्रक्रिया अधिक सरल, व्यवस्थित और प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रशासनिक व्यवस्थाओं में तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर दे रही है ताकि लोगों को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं मिल सकें।

विज्ञापन

ओटीपी और फेस ऑथेंटिकेशन से होगी पहचान
नई डिजिटल गेट पास प्रणाली में आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। आगंतुकों की पहचान ओटीपी आधारित सत्यापन और आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से की जाएगी। सुरक्षा कर्मी डिजिटल गेट पास पर उपलब्ध बारकोड को स्कैन कर प्रवेश की पुष्टि करेंगे। सरकार ने उन लोगों के लिए भी व्यवस्था रखी है जो बिना पूर्व अनुमति सचिवालय पहुंचेंगे। ऐसे आगंतुकों को स्वागत कक्ष से सीधे डिजिटल गेट पास जारी किया जा सकेगा। इससे आम लोगों को अनावश्यक औपचारिकताओं और लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलने की उम्मीद है।

विज्ञापन
विज्ञापन

अधिकारियों के डिजिटल कैलेंडर स्वत: होंगे अपडेट
मुख्यमंत्री ने बताया कि यूनिफाइड डिजिटल कैलेंडर एंड अपॉइंटमेंट मैनेजमेंट सिस्टम मुख्यमंत्री कार्यालय के लिए प्रमुख इंटरफेस के रूप में कार्य करेगा। इसके माध्यम से विभिन्न सरकारी विभाग बैठक संबंधी आग्रह एक केंद्रीकृत प्लेटफॉर्म पर भेज सकेंगे। बैठक स्वीकृत होते ही संबंधित अधिकारियों के डिजिटल कैलेंडर स्वत: अपडेट हो जाएंगे और विभागों को तुरंत सूचना मिल जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे बैठकों के समन्वय में पारदर्शिता बढ़ेगी और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी। अधिकारियों की उपलब्धता और कार्यक्रमों के टकराव जैसी समस्याओं का भी समाधान होगा।

विज्ञापन

हिमाचल भवन और सदनों की सेवाएं होंगी बेहतर
- सामान्य प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने दिल्ली के हिमाचल भवन, हिमाचल सदन और चंडीगढ़ के हिमाचल भवन में आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था सुधारने और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाने पर विशेष बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सरकारी परिसंपत्तियों के प्रबंधन में पेशेवर दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए ताकि यहां ठहरने वाले लोगों को बेहतर अनुभव मिल सके। उन्होंने बताया कि भवनों के रखरखाव और मरम्मत का कार्य लोक निर्माण विभाग के माध्यम से करवाया जाएगा।

दिल्ली के हिमाचल निकेतन को 15 जून तक पूरा करने के निर्देश
 मुख्यमंत्री ने दिल्ली में निर्माणाधीन हिमाचल निकेतन परियोजना की समीक्षा करते हुए इसे 15 जून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए क्यूआर कोड आधारित भुगतान सुविधा शुरू करने को कहा। सरकार इस व्यवस्था को प्रदेशभर के परिधि गृहों में भी लागू करने की तैयारी कर रही है। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव केके पंत, प्रधान सचिव देवेश कुमार, सचिव डॉ. अभिषेक जैन, राकेश कंवर, आशीष सिंहमार, निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार डॉ. निपुण जिंदल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed