हिमाचल: बेटे ने बसूले के सिर पर वार कर पिता को माैत के घाट उतारा, गाली-गलौज के बाद हुआ विवाद
मंडी जिले की ग्राम पंचायत चेली के चेली गांव में एक बेटे ने पिता की बसूले (लकड़ी छीलने का औजार) से सिर पर वार कर हत्या कर दी। आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए पिता की मौत गिरकर होने की कहानी बनाने का प्रयास किया, लेकिन जांच में चोटों के निशान होने के कारण हत्या का खुलासा हुआ।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की ग्राम पंचायत चेली के चेली गांव में एक बेटे ने पिता की बसूले (लकड़ी छीलने का औजार) से सिर पर वार कर हत्या कर दी। आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए पिता की मौत गिरकर होने की कहानी बनाने का प्रयास किया, लेकिन जांच में चोटों के निशान होने के कारण हत्या का खुलासा हुआ। वारदात गुरुवार रात करीब 11:00 बजे की है। पुलिस ने मृतक के भाई प्रेम सिंह की शिकायत पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार मस्तराम (42) पुत्र बुधू राम गुरुवार रात 11:00 बजे घर के आंगन में सोया था। बताया जा रहा है कि वह नशे में परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज कर रहा था।
ऐसे हुआ खुलासा
इसको लेकर बेटे दीपक कुमार उर्फ दीपू (21) और मस्तराम में विवाद हो गया। बेटे ने पिता को शांत करने का प्रयास किया। इसके बाद गुस्साए बेटे ने घर के आंगन के कोने में रखे बसूले से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मस्त राम कंप्रेशर ऑपरेटर का काम करता था। आरोपी दीपक मिस्त्री का काम करता है। वार से मस्त राम गंभीर रूप से घायल हो गए और काफी खून बह गया। सुबह करीब चार बजे परिजन उसे उपचार के लिए पधर अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोनल अस्पताल मंडी रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने खून से लथपथ बिस्तर, कपड़े आदि घर के पास ही झाड़ियों से बरामद किए। पुलिस ने जब सख्ती की तो मामले का पटाक्षेप हुआ। मृतक के भाई प्रेम सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसके भाई की हत्या उसी के बेटे ने की है। उधर, पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पधर पुलिस थाना में हत्या संबंधी प्राथमिकी दर्ज कर ली है।