इस गांव की रग-रग में देशभक्ति, 21 युवा कर रहे सरहद की रक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के तहत पोक्का गांव के युवाओं की रग-रग में देशभक्ति का जज्बा भरा हुआ है। गांव के कुल परिवारों की संख्या 95 हैं। इनमें से 21 युवा फौज में सेवाएं देकर भारत मां की रक्षा कर रहे हैं। यहां तक कि कई घरों के इकलौते चिराग भी देश सेवा में डटे हैं।
पोक्का गांव के युवाओं में सेना के प्रति एक जुनून है। यहां न तो कोई खेल मैदान है, न कोई ट्रैक और न ही पक्की सड़क। फिर भी फौज में भर्ती होने के लिए युवा दिन-रात पसीना बहाते हैं। गांव के युवा पहाड़ों के ऊबड़-खाबड़ रास्ते में तैयारियां करते हैं या फिर युवा 6 किमी दूर सतौन स्कूल के खेल मैदान में जाते हैं।
बीते दिनों में 6 युवा सेना में भर्ती हुए है। यहां के युवाओं का कहना है कि देश सेवा करना हर किसी के नसीब में नहीं होता। न ही यह हर किसी के बस की बात है। जबकि इसके अलावा तीन जवान सेवानिवृत्त होकर वापस आ चुके हैं।
ग्रामीण दीप चंद, रामचंद्र और रमेश चौहान ने बताया कि हमारे एक-एक बेटा ही है। हमें गर्व है कि हमारे बेटे देश सेवा में कार्य कर रहे हैं। पोक्का पंचायत प्रधान शीला देवी, प्रेम चौहान, दिनेश चौहान, सतीश चौहान ने बताया कि हमारे 21 युवा गांव के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बने हुए हैं।
अन्य युवा भी देश सेवा करने के लिए सेना में भर्ती होने के लिए प्रयासरत हैं। सतीश चौहान ने बताया कि कुछ साल पहले गांव में ताश खेलने की लत युवाओं को लग गई थी। जिसे पूरे गांव के युवाओं ने बंद कर दिया। आज भी गांव में ताश खेलने पर पूरी पाबंदी है।