हिमाचल प्रदेश: शादी का झांसा देकर युवती से बनाए शारीरिक संबंध, हमीरपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद प्रेम संबंध और शादी के वादे तक पहुंचा मामला अब पुलिस जांच में है। बिलासपुर की युवती की शिकायत पर हमीरपुर पुलिस ने चबूतरा निवासी युवक को गिरफ्तार किया है। युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर होटल में शारीरिक संबंध बनाने और अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी अहम जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिला बिलासपुर की एक युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में हमीरपुर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी हमीरपुर के चबूतरा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने बुधवार देर रात कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर निवासी युवती की आरोपी युवक से पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। दोनों के बीच शादी को लेकर भी बातचीत होने लगी। युवती ने इस संबंध में सबसे पहले बिलासपुर के संबंधित पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। चूंकि शिकायत से जुड़ी घटना हमीरपुर क्षेत्र की थी, इसलिए बिलासपुर पुलिस ने मामला आगामी कार्रवाई के लिए हमीरपुर पुलिस को भेज दिया।
आरोप है कि युवक ने युवती से अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाईं और उसे भरोसे में लेकर शादी का वादा किया। इसी दौरान वह युवती को एक होटल में ले गया, जहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। बाद में युवक की ओर से कुछ महत्वपूर्ण व्यक्तिगत जानकारी छिपाए जाने की बात सामने आने पर दोनों के बीच विवाद और मतभेद बढ़ गए।
शिकायत मिलने के बाद हमीरपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और बुधवार रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है। एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।