हिमाचल प्रदेश: रक्षाबंधन पर महिलाओं को एचआरटीसी बसों में मुफ्त यात्रा, सूर्यास्त तक नहीं लगेगा किराया; जानें
Himachal Raksha Bandhan 2026: हिमाचल प्रदेश में 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को एचआरटीसी की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। सुविधा सूर्योदय से सूर्यास्त तक लागू रहेगी। एचआरटीसी ने चालकों को महिला के बस रोकने के संकेत पर वाहन रोकने के निर्देश दिए हैं। त्योहार के दौरान अधिक यात्रियों को देखते हुए अतिरिक्त बस संचालन और यात्री सुविधाओं पर निगरानी रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रक्षाबंधन के पर्व पर हिमाचल प्रदेश की महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम ने बड़ी राहत दी है। 28 अगस्त को प्रदेश के भीतर संचालित होने वाली एचआरटीसी की साधारण बसों में महिलाएं बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा सूर्योदय से सूर्यास्त तक लागू रहेगी। ऐसे में महिलाएं अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए सरकारी बसों से निशुल्क सफर कर सकेंगी।
एचआरटीसी प्रबंधन ने इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए बस संचालन व्यवस्था को भी मजबूत रखने के लिए कहा गया है। क्षेत्रीय प्रबंधकों को अधिक से अधिक बसें सड़क पर उपलब्ध रखने और यात्री सुविधा पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एचआरटीसी ने बस चालकों को महिलाओं की सुविधा को लेकर विशेष निर्देश दिए हैं। यदि कोई महिला रास्ते में सरकारी बस को रुकने का संकेत देती है तो चालक को बस रोकनी होगी। महिला के इशारे के बावजूद बस नहीं रोकने की शिकायत सामने आने पर संबंधित चालक और परिचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
प्रबंधन का उद्देश्य रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को घर से मायके और अन्य स्थानों तक पहुंचने में परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना है। त्योहार के कारण सड़कों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने की स्थिति में बसों की उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
रक्षाबंधन पर निशुल्क बस यात्रा की सुविधा से प्रदेश की उन महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा, जो भाइयों को राखी बांधने के लिए दूसरे शहरों या गांवों में जाती हैं। एचआरटीसी की ओर से अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि महिलाओं को बस यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा। त्योहार से एक दिन पहले राखी बांधने के शुभ समय को लेकर लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है। इस बार खास बात यह है कि श्रावण पूर्णिमा की तिथि 27 अगस्त की सुबह शुरू होकर 28 अगस्त की सुबह समाप्त हो रही है। ऐसे में 28 अगस्त को रक्षाबंधन मनाने की परंपरा के अनुसार राखी बांधने के लिए सुबह का समय विशेष महत्वपूर्ण माना जा रहा है।