हिमाचल: पुल से नीचे गिरा ट्रक, एक ही गांव के तीन लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में दर्दनाक हादसा हुआ। सुबाथू-कुनिहार मार्ग पर गंबरपुल के समीप ईंटों से लदा एक ट्रक खड्ड में जा गिरा। हादसे में डुमैहर क्षेत्र के तीन लोगों की मौत हो गई। दो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि एक अन्य की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। इसके बाद दोनों टीमों ने मौके पर पहुंच कर बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि अभी घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सुबाथू की तरफ से ईंटों से लदा एक ट्रक कुनिहार की तरफ जा रहा है। जैसे ही ट्रक गंबरपुल के समीप पहुंचा तो ट्रक अचानक से सड़क से उतर कर गंबर नदी में जा गिरा। स्थानीय लोगों ने जब ट्रक के गिरने की आवाज सुनी तो वह मौके की तरफ दौड़े। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि एक अन्य ट्रक के नीचे फंसा व्यक्ति गंभीर घायल हो गया था। उसे घायल अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लाया गया।
यहां से उसकी गंभीर अवस्था को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर किया गया लेकिन उसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोग डुमैहर गांव के निवासी थे। पुलिस ने मौके पर जान गंवाने वाले दो व्यक्तियों की पहचान 31 वर्षीय चालक संदीप पाल पुत्र बलवीर सिंह और सुरेश कुमार पुत्र ईश्वर सिंह निवासी डुमैहर के रूप में की है।
इसी गांव के निवासी राजेंद्र पाल की पीजीआई ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोलन अस्पताल भेज दिया है।
एएसपी सोलन शिव कुमार ने बताया कि सुबाथू के समीप गंबर खड्ड में ट्रक के गिरने से तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को कब्जे में लेकर सोलन अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।