हिमाचल उपचुनाव: चार सीटों के लिए 2484 केंद्रों पर मतदान शुरू, दो नवंबर को नतीजे
मंडी संसदीय सीट के अलावा जुब्बल-कोटखाई, अर्की और फतेहपुर विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए आज 2484 मतदान केंद्रों पर मतदाता वोट डाल रहे हैं। चुनाव आयोग ने पहली बार 80 साल से ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग और कोविड पॉजिटिव मरीजों के लिए मोबाइल मतदान केंद्र की भी व्यवस्था की है, जिनमें करीब 12 हजार मतदाता घर बैठे मतदान कर चुके हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की मंडी संसदीय सीट के अलावा जुब्बल-कोटखाई, अर्की और फतेहपुर विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए आज 2484 मतदान केंद्रों पर 15 लाख से ज्यादा मतदाता वोट डालेंगे। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ। इनमें 18 से 19 साल की उम्र के 38 हजार से ज्यादा मतदाता पहली बार मतदान कर रहे हैं। आयोग ने पहली बार 80 साल से ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग और कोविड पॉजिटिव मरीजों के लिए मोबाइल मतदान केंद्र की भी व्यवस्था की है, जिनमें करीब 12 हजार मतदाता घर बैठे मतदान कर चुके हैं। देश के प्रथम मतदाता एवं चुनाव आयोग के ब्रांड एंबेसडर 104 वर्षीय श्याम सरण नेगी खुद कल्पा बूथ पर जाकर वोट डालेंगे। चारों सीटों पर कुल 18 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। दो नवंबर को मतों की गणना होगी जिसके लिए पहले ही तैयारियां की जा चुकी हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी पालरासू ने बताया कि लोकतंत्र के इस पर्व को मनाने के लिए 15256 फीट की ऊंचाई पर लाहौल-स्पीति के टशीगंग में स्थापित दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र से लेकर कुल्लू जिले के सुदूरवर्ती शाक्टी तक में मतदाताओं को नजदीक में मतदान की सुविधा मुहैया कराने का प्रयास किया गया। 24000 से ज्यादा मतदान व सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें केंद्रीय सुरक्षा बल भी शामिल हैं। इसके अलावा 50 फीसदी केंद्रों की वेब कास्टिंग की जा रही है, ताकि जिला व प्रदेश मुख्यालय स्तर पर भी मतदान केंद्रों की निगरानी की जा सके। शाम पांच बजे के बीच सामान्य मतदाता मतदान कर सकेंगे, जबकि पांच से छह बजे के बीच का समय कोविड पॉजिटिव मरीजों के लिए रखा है। कोविड के चलते भीड़ से बचाव के लिए इस बार हर हजार मतदाताओं पर एक मतदान केंद्र बनाया गया है। इसी वजह से 400 अतिरिक्त मतदान केंद्र ऑग्जीलरी मतदान केंद्र के तौर पर अतिरिक्त बनाए गए हैं।
घर से निकलें मास्क पहनकर, दो गज की रखें दूरी
कोरोना काल के बीच हो रहे उपचुनाव के दौरान मतदान के लिए घर से जरूर निकलें और मतदान अवश्य करें। मतदान केंद्र पर कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने हर मतदान केंद्र पर सैनिटाइजर, मास्क और भीड़ कम करने के लिए जरूरी प्रबंध किए हैं। जिम्मेदार नागरिक होने के नाते खुद भी कोविड प्रोटोकॉल का जरूर पालन करें और मतदान के लिए घर से मास्क लगाकर ही निकलें। साथ ही सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें और दो गज की दूरी का भी ख्याल रखें।
कौन कहां से है मैदान में
मंडी संसदीय क्षेत्र
नाम दल
ब्रिगेडियर कुशाल चंद ठाकुर भाजपा
प्रतिभा सिंह कांग्रेस
अंबिका श्याम राष्ट्रीय लोकनीति पार्टी
मुंशी राम ठाकुर हिमाचल जनक्रांति पार्टी
अनिल कुमार निर्दलीय
सुभाश मोहन स्नेही निर्दलीय
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र
बलदेव ठाकुर भाजपा
भवानी सिंह पठानिया कांग्रेस
पंकज कुमार दर्शी हिमाचल जनक्रांति पार्टी
डॉ. राजन सुशांत निर्दलीय
डॉ. अशोक कुमार सोमल निर्दलीय
अर्की विधानसभा क्षेत्र
रतन सिंह पाल भाजपा
संजय कांग्रेस
जीत राम निर्दलीय
जुब्बल कोटखाई क्षेत्र
नीलम सरैईक भाजपा
रोहित ठाकुर कांग्रेस
चेतन सिंह बरागटा निर्दलीय
सुमन कदम निर्दलीय