हिमाचल: कुलदीप राठौर ने दिल्ली की दौड़ लगाने वाले नेताओं को दी नसीहत, कहा- संयम रखें
मुख्यमंत्री पद के लिए खुद की दावेदारी के सवाल पर कुलदीप राठौर ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने दिल्ली की दौड़ लगा रहे कांग्रेस नेताओं को विधानसभा चुनाव के नतीजों के इंतजार की नसीहत दी है। मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को न नकारते और न स्वीकारते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान से जो भी जिम्मेदारी मिलेगी। उसे निभांऊगा। राठौर ने कहा कि भाजपा के आंतरिक सर्वे में 23 सीटें ही सुरक्षित बताई जा रही है। भाजपा के नेता भी अपनी हार को भांप गए हैं। आठ दिसंबर को पूर्ण बहुमत के साथ हिमाचल में कांग्रेस सरकार बनाएगी। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रेस वार्ता करते हुए कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि चुनाव नतीजों के बाद कई तरह के समीकरण बनेंगे। कांग्रेस विधायकों की बैठक में दल के नेता को चुना जाएगा। पार्टी हाईकमान ही मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर स्थिति स्पष्ट करेगा। दिल्ली जाने वाले नेताओं को संयम रखना चाहिए। उन्होेंने कहा कि वह कभी भी किसी भी दौड़ में शामिल नही रहे हैं।
जो भी दायित्व पार्टी हाईकमान ने उन्हें दिया, उसे उन्होंने पूरी ईमानदारी व निष्ठा से पूरा किया है। विपरीत परिस्थितियों में पार्टी की प्रदेश में कमान संभाली थी। गुटबाजी पर लगाम लगाई। किसी भी नेता को अस्थिर करने का काम नहीं किया। अपना कोई भी गुट नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि ठियोग में कांग्रेस ने पूरी एकजुटता से चुनाव लड़ा है। ठियोग में पार्टी की जीत तय है। उन्होंने कहा कि वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य हैं। दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए गए थे। इसका अन्य कोई भी अर्थ या कयास नहीं निकाला जाना चाहिए। राठौर ने कहा कि भाजपा की रीत रही है कि वह जनमत को प्रभावित करती हैं। भाजपा खरीद फरोख्त में विश्वास रखती हैं। भाजपा हिमाचल में भी इस तरह की खरीद फरोख्त कर सकती है लेकिन हिमाचल में कांग्रेस का कोई भी विधायक उनके किसी दबाव या प्रलोभन में नहीं आएगा। राठौर ने कहा कि वीरवार को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 72वां दिन है। पदयात्रा को भारी जनसमर्थन मिलने से केंद्र की भाजपा सरकार इस यात्रा से डर गई है।
प्रतिभा, सुक्खू के बाद अब खरगे से मिले राजेंद्र राणा
नादौन से कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य के बाद अब विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर से कांग्रेस प्रत्याशी एवं हिमाचल कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने भी दिल्ली में राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की है। वीरवार को उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात में उन्हें विधानसभा चुनावों को लेकर फीडबैक दिया। कहा कि हिमाचल में विस चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार इत्यादि चुनावी मुद्दे रहे हैं।
उन्होंने खरगे को प्रदेश में कांग्रेस की जीत के प्रति आश्वस्त किया है। उधर, राणा कांग्रेस के टिकट पर दूसरी बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। सुजानपुर में उनका सीधा मुकाबला भाजपा प्रत्याशी कैप्टन रणजीत सिंह राणा से है। पिछली बार राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी प्रेम कुमार धूमल को 1,919 मतों से हराया था। भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद सुजानपुर चौगान में रैली को संबोधित किया था। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी कैप्टन रणजीत सिंह राणा के प्रचार में जुटे रहे।