Sujan Singh Pathania Death: कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया का निधन, फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर से बने थे ऊर्जा मंत्री
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक एवं पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया (78) का शुक्रवार को निधन हो गया है। सुबह करीब साढ़े सात बजे तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई, लेकिन इससे पहले ही उनका घर पर देहांत हो गया। उन्हें वर्ष 2017 में अधरंग (पैरालिसिस) हो गया था, तबसे उनकी तबीयत ठीक नहीं रहती थी। शनिवार को उनका पैतृक गांव के श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा। पठानिया के परिवार में उनकी पत्नी के अलावा, बेटी, बेटा, बहू और दो पोते हैं। उनका जन्म 22 सितंबर, 1943 को पाकिस्तान के लाहौर में हुआ था।
भारत-पाकिस्तान बंटवारे के दौरान उनका परिवार भारत आ गया। पठानिया बीए करने के बाद हिमाचल प्रदेश वन विभाग में रेंज अफसर चयनित हुए थे। इसके बाद 1977 में जनता पार्टी की टिकट पर जवाली (पुनर्गठन के बाद फतेहपुर) विधानसभा से विधायक बने। 1980 में वह कांग्रेस में शामिल हुए। दूसरी बार 1990 में कांग्रेस के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे। 1993 में तीसरी बार विधायक बनने पर उन्हें कृषि मंत्री बनाया गया। 2003 में चौथी बार विधायक चुने गए और परिवहन मंत्री बने। 2009 के उपचुनाव में पांचवीं बार विधानसभा पहुंचे। 2012 और 2017 का चुनाव जीतकर हैट्रिक बनाने और सात बार फतेहपुर का विधायक बनने का रिकॉर्ड बनाया। वर्ष 2012 से 2017 के दौरान वह ऊर्जा मंत्री रहे। उनका जन्म 22 सितंबर, 1943 को पाकिस्तान के लाहौर में हुआ था। भारत-पाकिस्तान बंटवारे के दौरान उनका परिवार भारत आ गया।
Himachal Pradesh: Congress MLA from Fatehpur, Kangra, Sujan Singh Pathania passes away at 78
— ANI (@ANI) February 12, 2021