दो मंत्रियों को स्वाइन फ्लू से विधायकों में हड़कंप
हिमाचल में स्वाइन फ्लू से हड़कंप की स्थिति है। दो कैबिनेट मंत्रियों सुरेश भारद्वाज और रामलाल मारकंडा की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वीरवार दोपहर तक शिक्षा मंत्री भारद्वाज तो विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान रहे जबकि कृषि मंत्री मारकंडा अवकाश पर रहे।
दोनों मंत्रियों और उनके परिवार के सदस्यों को टेमी फ्लू दवा दे दी गई है। हाल ही में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह, स्पीकर राजीव बिंदल और विधायक आईडी लखनपाल भी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ चुके हैं। सत्र के दौरान साथ बैठने से अब अन्य विधायकों में भी हड़कंप की स्थिति है।
बताया जा रहा है कि कुछ और विधायक भी एहतियातन स्वाइन फ्लू का टेस्ट करवा रहे हैं। वीरवार को स्वाइन फ्लू के 12 नए मामले सामने आए हैं। सूबे में अब तक मरने वालों का आंकड़ा 22 पहुंच चुका है।
सत्र के दौरान मंत्रियों-विधायकों से मिलते हैं हजारों लोग
आईजीएमसी शिमला में बीते दिनों शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और कृषि मंत्री राम लाल मारकंडा भी टेस्ट करवाने आए थे। हालांकि, दोनों को रिपोर्ट नहीं मिली है लेकिन उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव बताई है।
एहतियातन दवाई ले रहे हैं। सुरेश भारद्वाज ने बताया कि उनका सवाल लगा था इसलिए वे सत्र में गए थे। उन्होंने बताया कि स्पीकर को स्वाइन फ्लू के दौरान उन्हें भी इंजेक्शन लगे थे लेकिन इसका असर 22 दिन बाद होता है। अभी नौ दिन ही हुए थे। रामलाल मारकंडा ने कहा कि उन्होंने आईजीएमसी और चंडीगढ़ से उपचार लिया है।
स्वास्थ्य ठीक रहा तो शुक्रवार को सदन में उपस्थित रहूंगा। विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश भर से आए लोग अपनी समस्याएं लेकर मंत्रियों और क्षेत्र के विधायक से मिलने पहुंचते हैं। रोज सैकड़ों लोग विधानसभा पहुंचते हैं। स्वाइन फ्लू हाथ मिलाने और खांसने-छींकने से भी हो सकता है।
स्वाइन फ्लू की आशंका पर टेस्ट करवाने के स्टाफ को पहले से ही निर्देश
जिस तरह से बजट सत्र के बीच मंत्री और विधायक स्वाइन फ्लू की चपेट में आ रहे हैं, उससे विधानसभा सचिवालय का स्टाफ भी उहापोह की स्थिति में है। स्टाफ का स्वाइन फ्लू से बचाव करने के लिए सरकार क्या करने जा रही है?
इसके जवाब में हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा ने कहा है कि स्वाइन फ्लू को लेकर पहले से ही सभी को एडवाइजरी जारी कर रखी है कि जिनको स्वाइन फ्लू की आशंका है, वे इसके टेस्ट करवा लें। विधानसभा सचिवालय के स्टाफ को अलग से कोई निर्देश जारी नहीं दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री बोले, स्वाइन फ्लू को लेकर सतर्क रहें लोग
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। अस्पतालों में दवाइयां पर्याप्त मात्रा में है। अगर किसी को स्वाइन फ्लू का अंदेशा है तो वे अपने टेस्ट करवा सकते हैं। जहां तक दो मंत्रियों के स्वाइन फ्लू होने की बात कही जा रही है तो उसके बारे में पता किया जा रहा है।