हिमाचल: हणोगी माता मंदिर के पास गिरी चट्टानें, मंडी-मनाली एनएच बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी है। मंडी-मनाली नेशनल हाइवे पर करीब चार बजे हणोगी माता मंदिर के पास फिर चट्टानें गिर गईं। इससे वाटर कूलर और एक दुकान का शटर क्षतिग्रस्त हो गया। करीब एक घंटे तक यातायात बंद रहा। प्रशासन के मुताबिक हादसे में करीब चार लाख का नुकसान हुआ है।
मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर नौ मील के समीप चट्टान गिरने मुर्गों से लदा क ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना में 500 के लगभग मुर्गों की मौत हो गई है। चंबा जिला में मंगलवार देर रात बारिश से उपमंडल भटियात की अधिकतर सड़कें बंद रहीं।
इन मार्गों को बुधवार दोपहर बाद खोला गया। ककीरा में सड़क धंसने से एक दर्जन घरों को खतरा पैदा हो गया है। हमीरपुर, सोलन और बिलासपुर जिला में बुधवार को मौसम साफ रहा। राजधानी शिमला में हल्की बूंदाबांदी हुई। जिला कांगड़ा में भी बुधवार को भारी बारिश से दर्जनों संपर्क मार्ग ठप रहे। पालमपुर और थुरल में ल्हासे गिरने से एक दर्जन से अधिक संपर्क सड़कें अवरुद्ध हैं।
आज भी भारी बारिश की चेतावनी
पौंग बांध का जलस्तर खतरे के निशान से मात्र साढ़े 18 फीट कम 1371.42 फीट पर पहुंच गया है। राजगुंधा-बड़ा ग्रां-पलाचक मार्ग लगातार 21वें दिन बंद रहा। सिरमौर के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहा। ऊपरी हिस्सों में बरसाती धुंध के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कई जगह धुंध इतनी घनी थी कि दिन के समय भी चालकों को लाइटें जलानी पड़ीं। बीते दिन से हो रही बारिश के चलते जिला सिरमौर के अधिकांश सड़क मार्गों पर मलबा और पत्थर गिर रहे हैं।
मंगलवार शाम को कई सड़कों पर पेड़ गिरने से भी वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिला सिरमौर में पिछले एक सप्ताह से हो रही बारिश के चलते गिरि, बाता, यमुना व टौंस सहित अन्य नदी-नाले और खड्ड उफान पर हैं।
प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में वीरवार को भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी दी है।
बुधवार को शिमला में अधिकतम तापमान 22.4, ऊना में 30.6, धर्मशाला में 27.2, कांगड़ा में 30.7, सुंदरनगर में 31.4, भुंतर में 32.4, कल्पा में 23.6, मंडी में 28.0, बिलासपुर में 30.6, हमीरपुर में 30.2, मनाली में 21.0, सोलन में 24.4 और नाहन में 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।