हिमाचल सरकार ने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए दुबई में किया रोड शो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल सरकार की ओर से मंगलवार शाम को दुबई में सीआईआई हिमाचल चैप्टर के सहयोग से रोड शो हुआ। उद्यमियों को संबोधित कर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए कई कदम उठाए हैं।
उन्होंने उद्यमियों का आगे आकर इन अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। समारोह का आयोजन भारतीय व्यापार और व्यावसायिक परिषद (आईबीपीसी) की ओर से किया गया।
रोड शो में उद्यमियों का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे यूएई के लोगों की भारत में निवेश करने के प्रति रुचि और प्रतिबद्धता का पता चलता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार धर्मशाला में वैश्विक निवेशक सम्मेलन का आयोजन कर रही है।
उन्होंने यूएई के लोगों को निवेशक सम्मेलन में शामिल होने और हिमाचल में निवेश करने के लिए भी आमंत्रित किया। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने यूएई में रह रहे विभिन्न राज्यों के भारतीयों की अपने देश के सतत विकास के प्रति भावनाओं की भी सराहना की।
संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत नवदीप सूरी ने यूएई और भारत के बीच प्रगाढ़ तथा निरंतर बढ़ते संबंधों पर प्रकाश डाला। अतिरिक्त मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी ने आयुष, वैलनेस और रियल एस्टेट में निवेश की संभावनाओं की विस्तार में प्रस्तुति दी।
उन्होंने आयुष और रियल एस्टेट में निवेश योग्य परियोजनाओं के बारे में भी बताया। उन्होंने हिमाचल में रियल एस्टेट की बड़ी जरूरत और भूमि बैंक की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी। अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन राम सुभग सिंह ने पर्यटन क्षेत्र में निवेश के विभिन्न अवसरों पर प्रस्तुति दी।
उन्होंने राज्य में उच्चस्तरीय पर्यटन को प्रोत्साहित करने और निवेश के लिए व्यावहारिक परियोजनाओं पर भी जानकारी दी। अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग मनोज कुमार ने भी हिमाचल प्रदेश में निवेश के विभिन्न अवसरों पर एक प्रस्तुति दी।
आईबीपीसी दुबई के अध्यक्ष निमीश मकवाना ने मुख्यमंत्री और सभी उपस्थित प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का रोड शो में शामिल होने का आभार व्यक्त किया। आईबीपीसी दुबई के सुरेश कुमार ने भारतीय अर्थव्यवस्था की उच्च विकास दर की सराहना की।
दुबई में भारत के महावाणिज्य दूतावास विपुल ने भी हिमाचल प्रदेश निवेश रोड शो में दर्शकों को संबोधित किया। हिमाचल प्रदेश सीआईआई के अध्यक्ष हरीश अग्रवाल ने हिमाचल प्रदेश के साथ उनके बीस वर्षों के निवेश के अनुभव को साझा किया।