गर्भ में शिशु लिंग जांच की सूचना पर इतने लाख इनाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मां के गर्भ में अवैध रूप से शिशु लिंग की जांच करवाने की सूचना देने की इनामी राशि को सरकार ने दस गुना बढ़ा दिया है। इसकी सूचना देने वाले व्यक्ति को सरकार अब एक लाख रुपये बतौर इनाम देगी। पहले इस तरह की सूचना देने वाले व्यक्ति की सूचना सही पाए जाने पर दस हजार रुपये की राशि बतौर इनाम दी जाती थी।
सरकार के इस निर्णय से चोरी-छिपे मां के गर्भ में शिशु लिंग की जांच करने पर शिकंजा कसेगा। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को भी बढ़ावा मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को अधिसूचना जारी कर दी है।
दस हजार की बजाय एक लाख रुपये इनामी राशि
जून में जारी इस अधिसूचना में विभाग ने मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को दस हजार की बजाय एक लाख रुपये इनामी राशि देने के निर्देश जारी किए हैं। अब भ्रूण हत्या को रोकने और लिंग अनुपात को और अधिक संतुलित बनाने को सरकार और विभाग संजीदा हो गए हैं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को भी सरकार के इस निर्णय से मजबूती मिलेगी। प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सीएमओ मंडी डा. देशराज शर्मा ने बताया कि विभाग से जून की शुरुआत में इस बाबत निर्देश मिले हैं। पहले शिशु लिंग जांच की सूचना सही पाए जाने पर 10 हजार रुपये बतौर इनाम दिए जाते थे। इसे बढ़ाकर अब एक लाख कर दिया है। इससे चोरी-छिपे लिंग जांच करने पर शिकंजा कस सकेगा। विभागीय आदेशों को लागू कर दिया गया है। सूचना सही पाई जाने पर बढ़ी हुई इनामी राशि ही दी जाएगी।